बिहार के मुजफ्फरपुर में भीषण आग, 4 लोगों की मौत, 20 से अधिक झुलसे।

0
16

दिल्ली के मालवीय नगर हादसे के बाद बिहार में एक और बड़ा हादसा सामने आया है। मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल के ICU वार्ड में देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। यह घटना मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद हॉस्पिटल की है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। बताया जा रहा है कि इसके बाद एसी में विस्फोट हो गया, जिससे आग तेजी से फैल गई। आग लगने के बाद घना और जहरीला धुआं अस्पताल के बड़े हिस्से में फैल गया, जिसके कारण कई लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

दम घुटने से मरीजों की मौत की आशंका

अस्पताल में आग लगने के बाद मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई मरीजों की मौत दम घुटने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय अस्पताल के अधिकांश कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं थे।फायर ब्रिगेड की टीम ने ICU और अन्य वार्डों में फंसे मरीजों को खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर बाहर निकाला और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। कई गंभीर मरीजों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

सरकार ने 4-4 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान

प्रशासन के अनुसार, ICU में भर्ती अन्य मरीजों को सरकारी और निजी अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है। गंभीर मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर पटना AIIMS और IGIMS रेफर करने की तैयारी की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। साथ ही घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। आग लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित लापरवाही की गहन जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here