दिल्ली अग्निकांड में 21 मौतें, 17 विदेशी नागरिक शामिल; अधिकारी बोले- बिल्डिंग की फायर NOC नहीं थी: मौतों का जिम्मेदार कौन?

0
22

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल और रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह करीब 9 बजे भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। जान गंवाने वाले 21 लोगों में 17 विदेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। घटनास्थल से 40 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। कई लोग अभी भी ICU में भर्ती हैं। घायलों में 10 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हादसे के बाद डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर ए.के. मलिक ने बताया कि होटल को फायर सेफ्टी की NOC नहीं मिली थी।

व्यवस्थाओं में लापरवाही से गई लोगों की जान

इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजधानी में व्यावसायिक इमारतों की फायर सेफ्टी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हादसे को लेकर डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर ए.के. मलिक ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस होटल को NOC नहीं मिली थी और इसमें फायर सेफ्टी को लेकर गंभीर लापरवाही बरती गई थी।ए.के. मलिक ने स्पष्ट किया कि इस होटल को NOC नहीं दी गई थी, क्योंकि बिल्डिंग का निर्माण ऐसे किया गया था कि उसे NOC मिल ही नहीं सकती थी। इसके अलावा, इसमें उचित वेंटिलेशन नहीं था, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते नहीं थे तथा फायर सेफ्टी के तहत जरूरी कई मानकों का पालन नहीं किया गया था। यानी आग लगने की स्थिति में यहां बड़ा हादसा होना लगभग तय था।वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि होटल में प्रवेश और निकास के लिए केवल एक ही गेट था, जबकि आग बेसमेंट की ओर से शुरू हुई और धीरे-धीरे होटल के कमरों तक पहुंच गई। धुआं फैलते ही अंदर फंसे लोगों ने जान बचाने के लिए खिड़कियां तोड़ीं और ऊपरी मंजिलों से कूदना शुरू कर दिया।

अग्निकांड पर उपराज्यपाल ने की हाई-लेवल बैठक

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड को लेकर उपराज्यपाल (LG) ने एक हाई-लेवल बैठक बुलाई। बैठक में हालात की समीक्षा की गई और राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

होटल मालिक को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन

मालवीय नगर स्थित इमारत में आग लगने के मामले में दिल्ली पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। होटल मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उसे पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने मालवीय नगर में आग लगने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार इमारत के मालिक को गिरफ्तार किया जाएगा। इस भीषण अग्निकांड के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

पीएम मोदी और गृह मंत्री ने जताया दुख

दिल्ली अग्निकांड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री की ओर से मुआवजे का भी ऐलान किया गया है। मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मालवीय नगर अग्निकांड में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। ईश्वर शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।इसके साथ ही राज्य और केंद्र सरकार ने घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here