‘नारी शक्ति से किए गए वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध’: महिला आरक्षण विधेयक पर पीएम मोदी

0
26

महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी हलचल तेज है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार नारी शक्ति से किया गया 33 फीसदी आरक्षण का वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

पीएम मोदी बोले- नारी शक्ति से किया वादा पूरा करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर महिला आरक्षण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। ये वीडियो उनकी पुरानी स्पिच से निकालकर पोस्ट किया गया है जिसमें उन्होंने विपक्ष पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विडियो में कहते हैं कि सरकार संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके रास्ते में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करेगी।

पीएम मोदी ने कहा, “हमने अपनी नारी शक्ति से वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने ये भी कहा कि महिला आरक्षण की लड़ाई दशकों से चल रही है और वो खुद भी इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं।

NDA सरकार के नए प्रस्ताव में क्या है?

केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण को जल्द लागू करने और परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए नया विधायी प्रस्ताव तैयार किया है। केंद्रीय कैबिनेट ने 27 नवंबर को संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन से जुड़ा नया विधेयक मंजूर किया। प्रस्ताव में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए भी आरक्षण का प्रावधान शामिल है। सरकार के प्रस्ताव के अनुसार इसमें…

  • महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण: लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान।
  • लोकसभा सीटों में 50 फीसदी वृद्धि: हर राज्य में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव।
  • 850 तक हो सकती हैं लोकसभा सीटें: लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की अधिकतम संख्या बढ़ाकर 850 करने की योजना है। इनमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें प्रस्तावित हैं।
  • 25 साल तक सीटों का अनुपात बरकरार: राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा आनुपातिक हिस्सा 2051 तक बनाए रखने का प्रस्ताव।
  • 2011 की जनगणना का आधार: परिसीमन और सीटों के विस्तार के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करने की बात कही गई है।
  • 2029 के चुनाव से लागू करने का लक्ष्य: सरकार चाहती है कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू हो सके।

विपक्ष का आरोप- महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन की तैयारी

कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने सरकार के प्रस्ताव पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का कहना है कि महिला आरक्षण का समर्थन सभी करते हैं, लेकिन इसे परिसीमन और लोकसभा सीटों के विस्तार से जोड़ने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस की मांग है कि मौजूदा 543 लोकसभा सीटों के भीतर ही 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू किया जाए। पार्टी चाहती है कि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 साल तक बरकरार रहे और 2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण लागू हो। कांग्रेस ने SC और ST समुदाय की महिलाओं के लिए भी आरक्षण की मांग की है।

संसद में कब होगी चर्चा, क्या है आगे की चुनौती?

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को प्रस्तावित है। संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत की जरूरत होगी। इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार का 131वां संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी समर्थन नहीं जुटा पाया था।

सरकार इसे महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में जरूरी कदम बता रही है, जबकि विपक्ष इसके लिए परिसीमन को जोड़ने के औचित्य और प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here