जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में राष्ट्रगीत के सभी छह अंतरों के गायन के बाद सियासी और धार्मिक विवाद गहरा गया है। बीजेपी नेताओं ने इसे राष्ट्रभक्ति और संविधान के सम्मान से जोड़ा, जबकि मुस्लिम धर्मगुरुओं ने इस्लाम के सिद्धांत का हवाला देते हुए इसका विरोध किया। विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की बारामूला स्थित एक प्रमुख सूफी दरगाह पर जियारत और दुआ करने की तस्वीरें भी चर्चा में हैं।

श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के एक कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ गाए जाने को लेकर जो विवाद हुआ, उसकी कतई ज़रूरत नही थी। ये कार्यक्रम वक्फ दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया था। इसमें बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. दरख्शां अंद्राबी समेत कई जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद और धार्मिक पदाधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान वक्फ बोर्ड के सदस्यों और अन्य उपस्थित लोगों ने वंदे मातरम् का पूरा संस्करण गाया। हालांकि, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुछ सदस्यों की ओर से इस पर माफी मांगे जाने की बात सामने आई, जिसके बाद विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया।
इस घटनाक्रम ने जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रगीत, धार्मिक मान्यताओं, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। बीजेपी नेताओं ने सवाल उठाया है कि अगर किसी व्यक्ति को राष्ट्रगीत गाने पर आपत्ति है तो क्या वो देश की राष्ट्रीय भावना का सम्मान नहीं करता? वहीं, मुस्लिम संगठनों का कहना है कि देश से प्रेम और मातृभूमि की पूजा दो अलग-अलग बातें हैं और किसी भी नागरिक को उसकी धार्मिक मान्यताओं के विरुद्ध कोई धार्मिक भावार्थ वाला गीत गाने के लिए मज़बूर नहीं किया जाना चाहिए।
क्या है पूरा मामला? वक्फ दिवस समारोह में कैसे शुरू हुआ विवाद
श्रीनगर में आयोजित वक्फ दिवस समारोह में केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद थे। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. सैयद दरख्शां अंद्राबी के अलावा कई सांसद, विधायक, विश्वविद्यालयों के कुलपति और वक्फ बोर्ड के सदस्य शामिल हुए।

कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख लोगों में शामिल थे:
- डॉ. दरख्शां अंद्राबी, अध्यक्ष, जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड
- सांसद डॉ. सतीश पूनिया और मियां अल्ताफ अहमद लारवी
- विधायक रफीक अहमद नाइक
- प्रो. नजीर अहमद गनई, कुलपति, SKUAST-कश्मीर
- प्रो. निलोफर खान, कुलपति, कश्मीर विश्वविद्यालय
- वक्फ बोर्ड के सदस्य सैयद मोहम्मद हुसैन और डॉ. गुलाम नबी हलीम
- मौलाना अब्दुल रशीद शेख (दाऊदी), मुफ्ती फारूक हुसैन मिस्बाही, मौलाना रियाज उल हक नूराबादी और मौलाना मोहम्मद फारूक नक्शबंदी सहित कई धार्मिक पदाधिकारी
ऊपर लिखे गए नामों में एक भी ऐसा नाम नहीं है जो पढ़े-लिखे और विद्वान नहीं है। ऐसे में ‘वंदे मातरम्’ पर विवाद होना अपने आप में आश्चर्य की बात है। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के सभी छह अंतरों को गाया गया। इसके बाद कुछ मुस्लिम धर्मगुरुओं और कार्यक्रम में शामिल लोगों ने सार्वजनिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ गाने के लिए मांफ़ी मांगी। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मौजूदगी या सहभागिता से किसी की धार्मिक भावनाएं को ठेस पहुंची है तो वे अल्लाह से माफी मांगते हैं।
इस घटनाक्रम ने एक बेहद महत्वपूर्ण सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सरकारी समारोह में ‘वंदे मातरम्’ का गायन सभी के लिए समान रूप से स्वीकार्य होना चाहिए या धार्मिक स्वतंत्रता के आधार पर किसी को इससे अलग रहने का भी अधिकार होना चाहिए?

बीजेपी का सवाल: ‘वंदे मातरम्’ गाना गलत कैसे हो सकता है?
विवाद पर बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि वंदे मातरम् भारत की आजादी की लड़ाई का प्रतीक रहा है और इसे गाने में किसी तरह की धार्मिक आपत्ति नहीं होनी चाहिए। देश में जो भी लोग रहते हैं और भारत से प्यार करते हैं उन्हें इसे गाने में कोई तकलीफ़ नहीं होनी चाहिए।
तेलंगाना बीजेपी के प्रवक्ता प्रकाश रेड्डी ने हैदराबाद में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की बैठक में सभी सदस्यों ने खड़े होकर पूरा वंदे मातरम् गाया, लेकिन कार्यक्रम के बाद माफी मांगना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके मुताबिक, वंदे मातरम् गाना कोई पाप नहीं है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार ने आधिकारिक कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के गायन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं तो सभी को उनका सम्मान करना चाहिए।
प्रकाश रेड्डी ने आरोप लगाया कि कुछ मुस्लिम नेता संविधान और देश से ऊपर धर्म को रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान और संसद के निर्देशों का सम्मान करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
बीजेपी के जम्मू-कश्मीर प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने भी इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ”मैं मुस्लिम हूं और गर्व के साथ वंदे मातरम् गाता हूं।”अल्ताफ ठाकुर के मुताबिक, ये एक सरकारी कार्यक्रम था, जिसमें केंद्रीय मंत्री मौजूद थे। ऐसे कार्यक्रमों में वंदे मातरम् गाने के लिए सरकारी नियम और प्रोटोकॉल हैं। उन्होंने गीत के भावार्थ का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें देश की धरती, जल, प्राकृतिक सुंदरता और समृद्धि का वर्णन है।
उन्होंने इसे देशभक्ति का गीत बताते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने इस गीत को गाते हुए कुर्बानियां दीं। उनके मुताबिक, मातृभूमि की सुंदरता और उसके प्रति प्रेम व्यक्त करने वाले गीत को धार्मिक नजरिये से देखना ग़लत है।
मुस्लिम धर्मगुरुओं का विरोध: आखिर वंदे मातरम् पर आपत्ति क्यों?
वंदे मातरम् को लेकर मुस्लिम समुदाय के भीतर आपत्ति का मुख्य आधार इस गीत के कुछ अंतरों में इस्तेमाल हुई धार्मिक और देवी-देवताओं से जुड़ी उपमाएं हैं। इस विवाद को समझने के लिए इस्लाम के एकेश्वरवाद यानी तौहीद के सिद्धांत को समझना जरूरी है।
इस्लाम में अल्लाह के अलावा किसी और को उनसे ऊपर रखना वर्जित है। इस मान्यता के मुताबिक, किसी इंसान, वस्तु, प्रकृति, धरती या किसी अन्य रचना को ईश्वर का दर्जा नहीं दिया जा सकता। मुस्लिम धर्मगुरुओं का एक वर्ग मानता है कि वंदे मातरम् के कुछ अंतरों में मातृभूमि को “देवी” के रूप में पेश किया गया है। इसलिए वो इसके उन हिस्सों के गायन को अपनी धार्मिक मान्यताओं के ख़िलाफ़ मानते हैं।

इस विवाद में दो बातें अलग-अलग समझना जरूरी हैं।
- देश से प्रेम: मुस्लिम धर्मगुरु भी ये मानते हैं कि अपने देश से प्रेम करना इस्लाम के ख़िलाफ़ नहीं है। देश की सुरक्षा, विकास और सम्मान के लिए काम करना धार्मिक रूप से प्रतिबंधित नहीं है।
- मातृभूमि की आराधना: आपत्ति उस धार्मिक भावार्थ पर है, जिसमें मातृभूमि को “देवी” या पूजनीय शक्ति के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। कुछ मुस्लिम विद्वानों के अनुसार, ये अल्लाह एक हैं की मूल अवधारणा से मेल नहीं खाता।
यानी विवाद का केंद्र केवल ‘वंदे मातरम्’ शब्द नहीं, बल्कि गीत के पूरे संस्करण में मौजूद धार्मिक प्रतीक और उनके अर्थ हैं।
जम्मू-कश्मीर के ग्रैंड मुफ्ती नासिर-उल-इस्लाम ने वंदे मातरम् के गायन और इससे जुड़े समारोहों में शामिल होने को इस्लामी कानून के तहत अनुचित बताया है। उनका तर्क है कि इस्लाम किसी भी रचना को पूजनीय या ईश्वर के समान दर्जा देने की अनुमति नहीं देता।
उनकी इस प्रतिक्रिया के बाद विवाद और गहरा गया। खास बात ये है कि वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में कई इमाम और धार्मिक पदाधिकारी मौजूद थे, जिन्हें बाद में अपनी उपस्थिति को लेकर सफाई देनी पड़ी।
मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा (MMU) का कड़ा विरोध
जम्मू-कश्मीर में विभिन्न इस्लामी संगठनों और धार्मिक संस्थाओं के साझा मंच मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा (MMU) ने भी वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम् बजाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। यह संगठन मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व में काम करता है।
MMU ने कहा कि इस्लाम का सबसे बुनियादी और अपरिवर्तनीय सिद्धांत अल्लाह एक हैं, जिसके तहत अल्लाह के अलावा किसी अन्य को ईश्वर या पूजनीय सत्ता नहीं माना जा सकता। संगठन के मुताबिक, मातृभूमि से प्रेम करना और उसकी पूजा करना दो बिल्कुल अलग बातें हैं।
संगठन ने ये भी कहा कि ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) पहले भी वंदे मातरम् के अनिवार्य गायन का विरोध कर चुका है।
MMU ने वक्फ बोर्ड की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस संस्था की जिम्मेदारी मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों और उनकी पवित्रता की रक्षा करना है, उसी के कार्यक्रम में ऐसा गीत गाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

संगठन के प्रमुख ऐलान इस प्रकार हैं:
- वंदे मातरम् को सरकारी कार्यक्रमों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक आयोजनों में जबरन लागू किए जाने का विरोध।
- इस मामले में कानूनी राय लेने की तैयारी।
- संबंधित अधिकारियों के सामने औपचारिक प्रतिनिधित्व प्रस्तुत करने का फैसला।
- धार्मिक स्वतंत्रता और संविधान के तहत मिले अधिकारों का सम्मान करने की मांग।
MMU का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को उसकी धार्मिक मान्यताओं के विरुद्ध कोई गीत गाने के लिए मज़बूर नहीं किया जाना चाहिए।
किरेन रिजिजू भी दरगाह गए और दुआ मांगी
वंदे मातरम् विवाद शुरू होने से ठीक एक दिन पहल केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, बारामूला जिले की यात्रा पर गए थे। रिजिजू ने टंगमर्ग स्थित प्रसिद्ध हजरत बाबा पायमुद्दीन रेशी (आरए) की दरगाह पर पहुंचकर प्रार्थना की और दुआ मांगी।
इस दौरान उन्होंने दरगाह परिसर में नवनिर्मित हजरत बाबा पायमुद्दीन रेशी गेस्ट हाउस का उद्घाटन भी किया। उनके साथ जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. दरख्शां अंद्राबी और बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद थे। रिजिजू ने सोशल मीडिया पर इस यात्रा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि जम्मू-कश्मीर की आध्यात्मिक विरासत उसके प्रतिष्ठित धार्मिक स्थलों में दिखाई देती है, जिनका लोगों के जीवन में विशेष स्थान है। तब किसी ने ये सवाल नहीं उठाया कि गैर-मुस्लिम होने के बावजूद उन्होंने दरगाह पर जा कर दुआ क्यों मांगी?
एक गैर-मुस्लिम होने के बाद भी केंद्रीय मंत्री का दरगाह पर जाना धार्मिक स्थलों के प्रति सम्मान और विभिन्न आस्थाओं के बीच संवाद के संदर्भ में भी देखा जा सकता है।
वंदे मातरम् का इतिहास: कैसे आजादी की लड़ाई का नारा बना?
बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय

1875 में हुई थी रचना
- वंदे मातरम् पहली बार 7 नवंबर 1875 को बंगाली साहित्यिक पत्रिका ‘बंगदर्शन’ में प्रकाशित हुआ था
- बाद में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने इसे अपने प्रसिद्ध उपन्यास ‘आनंदमठ’ में शामिल किया। ये उपन्यास 1882 में प्रकाशित हुआ
- 1896 में रवींद्रनाथ टैगोर ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कलकत्ता अधिवेशन में वंदे मातरम् गाया
- 7 अगस्त 1905 को बंगाल विभाजन के विरोध और स्वदेशी आंदोलन के दौरान ये नारा बड़े स्तर पर इस्तेमाल हुआ
अंग्रेजों के खिलाफ प्रतिरोध का प्रतीक बना गीत
1905 में लॉर्ड कर्जन द्वारा बंगाल विभाजन के फैसले के बाद देशभर में स्वदेशी आंदोलन तेज हुआ। विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार और ब्रिटिश शासन के खिलाफ प्रदर्शनों में वंदे मातरम् का नारा हर तरफ़ गूंजने लगा।
ये गीत धीरे-धीरे बंगाल से निकलकर देश के दूसरे हिस्सों में भी स्वतंत्रता सेनानियों और आंदोलनकारियों की आवाज़ बन गया।
ब्रिटिश सरकार ने इसकी लोकप्रियता से चिंतित होकर कई स्थानों पर सार्वजनिक रूप से वंदे मातरम् के गायन और नारेबाजी पर बैन लगाने की कोशिश की। स्कूलों और कॉलेजों में इसे गाने वाले विद्यार्थियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। 1907 में मैडम भीकाजी कामा ने जर्मनी के स्टटगार्ट में भारत का झंडा फहराया, जिस पर वंदे मातरम् शब्द लिखे हुए थे। इस तरह ये गीत अंग्रेजी हुकूमत के ख़िलाफ़ राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता की इच्छा का प्रतीक बन गया।
आनंदमठ और देवी दुर्गा का संदर्भ, क्यों उठती है धार्मिक आपत्ति?
वंदे मातरम् को लेकर मुस्लिम समुदाय के एक वर्ग की आपत्ति का सबसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक आधार इसका मूल साहित्यिक संदर्भ है। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यास ‘आनंदमठ’ में संन्यासियों का एक समूह मातृभूमि को मां और “देवी” के रूप में देखता है। उपन्यास में मातृभूमि को तीन स्वरूपों में दर्शाया गया है- उसका गौरवशाली अतीत, वर्तमान की बदहाली और भविष्य का वैभवशाली स्वरूप।
गीत के शुरुआती दो अंतरों में मातृभूमि की प्राकृतिक सुंदरता, नदियों, फसलों, हरियाली, चांदनी और उसकी समृद्धि का वर्णन है।
लेकिन आगे के अंतरों में मातृभूमि को “देवी” के स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है। विशेष रूप से चौथे और पांचवें अंतरे में धार्मिक प्रतीकों का उल्लेख है।
- ‘तुमि विद्या, तुमि धर्म’ के जरिए मातृभूमि को ज्ञान और धर्म का स्वरूप बताया गया है
- ‘त्वं हि दुर्गा दशप्रहरणधारिणी’ में मातृभूमि की तुलना शस्त्र धारण करने वाली दुर्गा से की गई है
- ‘कमला’ और ‘वाणी’ के उल्लेख में लक्ष्मी और सरस्वती से जुड़े प्रतीक सामने आते हैं
- ‘मंदिरे-मंदिरे’ का उल्लेख भी धार्मिक प्रतीकात्मकता को दर्शाता है
यही वो हिस्सा है, जिस पर मुस्लिम धर्मगुरुओं को आपत्ति है। उनका कहना है कि इस्लाम में अल्लाह के अलावा किसी अन्य को पूजनीय या ईश्वर का स्वरूप मानना उन्हें स्वीकार्य नहीं है हालांकि, इस मुद्दे पर एक महत्वपूर्ण अंतर समझना चाहिए। वंदे मातरम् के समर्थक इसे मातृभूमि के प्रति सम्मान और देशभक्ति की काव्यात्मक अभिव्यक्ति मानते हैं, जबकि इसके आलोचक मूल उपन्यास और गीत के धार्मिक संदर्भ को भी महत्वपूर्ण मानते हैं। यही कारण है कि पहले दो अंतरों को स्वीकार करने और पूरे छह अंतरों को गाने के सवाल पर भी अलग-अलग मुस्लिम संगठनों की अपनी राय है।
1950 में मिला राष्ट्रीय गीत का दर्जा
भारत की संविधान सभा ने 24 जनवरी 1950 को वंदे मातरम् को राष्ट्रीय गीत का दर्जा दिया। इसी दिन तत्कालीन संविधान सभा अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने घोषणा की थी कि वंदे मातरम्, जिसने भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है, उसे राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के समान सम्मान और दर्जा दिया जाएगा।
हालांकि, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत की भूमिका अलग-अलग है। रवींद्रनाथ टैगोर की रचना ‘जन गण मन’ को भारत का राष्ट्रगान और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की रचना ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गीत स्वीकार किया गया।इसलिए दोनों को राष्ट्रीय महत्व प्राप्त है, लेकिन दोनों की संवैधानिक और आधिकारिक भूमिका को एक जैसा समझना सही नहीं होगा।
2026 में केंद्र सरकार के नए दिशा-निर्देश क्या कहते हैं?
2026 में भारत सरकार (केंद्रीय गृह मंत्रालय) ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन, वादन और सम्मान को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं तथा इसे कानूनी संरक्षण देने के लिए राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 भी लाया गया
मुख्य दिशा-निर्देश और प्रोटोकॉल
संस्करण और अवधि: आधिकारिक संस्करण में सभी 6 छंद (अंतरे) शामिल हैं और इसकी निर्धारित अवधि 3 मिनट 10 सेकंड (190 सेकंड) है।
- गायन का क्रम: जब ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान (‘जन गण मन’) दोनों साथ में प्रस्तुत किए जाते हैं, तो पहले ‘वंदे मातरम्’ और उसके बाद ‘जन गण मन’ गाया या बजाया जाएगा। [
- खड़े होकर सम्मान: आधिकारिक प्रस्तुति के दौरान उपस्थित लोगों का ‘सावधान’ मुद्रा में खड़े होना अनिवार्य है। (सिनेमा हॉल, फिल्म साउंडट्रैक, डॉक्यूमेंट्री या न्यूज़रील के हिस्से के रूप में बजने पर खड़े होने की आवश्यकता नहीं है)ट
- प्रमुख अवसर: तिरंगा फहराने, परेड में राष्ट्रीय ध्वज लाए जाने, नागरिक अलंकरण समारोहों, औपचारिक राजकीय कार्यक्रमों में राष्ट्रपति या राज्यपाल के आगमन व प्रस्थान के समय तथा राष्ट्रपति के राष्ट्र के नाम संबोधन से ठीक पहले और बाद में इसे प्रस्तुत किया जाएगा।
- स्कूल और संस्थान: स्कूलों व शैक्षणिक संस्थानों में दिन की शुरुआत सामूहिक गायन से करने और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है।
राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 3 में संशोधन करता है
- यह ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रगान के समान विधिक संरक्षण देता है।
- गायन को जानबूझकर रोकने या सभा में व्यवधान डालने पर 3 वर्ष तक के कारावास, जुर्माने या दोनों का प्रावधान है, और दोबारा अपराध करने पर कम से कम 1 वर्ष के कठोर कारावास का प्रावधान किया गया है।
- यहां एक कानूनी अंतर समझना भी जरूरी है। गृह मंत्रालय के निर्देश कुछ निर्धारित आयोजनों के लिए आधिकारिक प्रोटोकॉल तय करते हैं। वहीं, अगस्त 2026 में लागू हुए Prevention of Insults to National Honour (Amendment) Act, 2026 ने राष्ट्रीय गीत को भी उस कानूनी संरक्षण के दायरे में शामिल किया है, जिसके तहत जानबूझकर इसके गायन को रोकना या गायन कर रही सभा में बाधा डालना दंडनीय है। इसमें तीन साल तक की कैद, जुर्माना या दोनों का प्रावधान है।
हालांकि, इस कानून में किसी व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से गीत गाने के लिए मजबूर करने का अलग अपराध निर्धारित नहीं किया गया है। इसलिए सरकारी कार्यक्रमों के प्रोटोकॉल और किसी नागरिक की व्यक्तिगत धार्मिक स्वतंत्रता के सवाल को अलग-अलग समझना जरूरी है।
राष्ट्रगीत बनाम धार्मिक स्वतंत्रता: अब आगे क्या?
श्रीनगर का वंदे मातरम् विवाद केवल एक गीत के गायन तक सीमित नहीं रह गया है। इसके साथ कई बड़े सवाल जुड़ गए हैं। एक तरफ बीजेपी नेताओं का तर्क है कि राष्ट्रीय प्रतीकों और स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास का सम्मान सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। दूसरी तरफ मुस्लिम धर्मगुरुओं का कहना है कि देशभक्ति साबित करने के लिए किसी की धार्मिक मान्यताओं से समझौता नहीं कराया जा सकता।
इस पूरे विवाद में मुस्लिम समुदाय के भीतर भी एक जैसी राय नहीं है। जहां ग्रैंड मुफ्ती नासिर-उल-इस्लाम ने इसके गायन और समारोहों में भागीदारी को इस्लाम के खिलाफ बताया है, वहीं मौलाना अब्दुल रशीद दाऊदी ने इस सवाल पर अलग रुख अपनाया है।
दाऊदी ने कहा है कि केवल प्रोटोकॉल के तहत राष्ट्रगीत के दौरान खड़े होने को पूजा नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर स्पष्ट धार्मिक फतवा जारी करने की चुनौती भी दी है।
जब दूसरे देशों में भारत के प्रधानमंत्री जाते हैं तो उस देश की राष्ट्रगीत को वही सम्मान देते हैं जो उन्होंने अब तक अपने देश के राष्ट्रगीत को दिया है। ऐसे में किसी को सम्मान देने से कोई छोटा या बड़ा कैसे हो सकता है? किसी धर्म को सम्मान देने से किसी की अपनी धार्मिक भावनाएं कैसे आहत हो सकती है? भारत की ख़ास पहचान है उसकी एकता और विविधता, ऐसे में इसे बनाए रखने के लिए सभी को मिल कर काम करना होगा, ना कि नाकारण विरोध से अपनी राजनीति को चमकाना।




