अकाली दल-बीजेपी में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन तेज, 5 दिसंबर तक हो सकता है ऐलान

0
49

पंजाब विधानसभा चुनाव में अभी कुछ महीने बाकी है और राज्य में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान शुरू कर दिया है, जबकि शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के बीच संभावित प्रत्याशियों को लेकर मंथन चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों पार्टियां 5 दिसंबर तक उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती हैं। वहीं, कांग्रेस, बसपा और वारिस पंजाब दे समेत अन्य राजनीतिक दलों की चुनावी रणनीति पर भी सबकी नजरें टिकी हैं।

रिपोर्ट: अक्षत सरोत्री

पंजाब की 117 विधानसभा सीटों पर 2027 में होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही कांग्रेस, सरकार बचाने की चुनौती से जूझ रही आम आदमी पार्टी और राज्य में अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने में जुटी बीजेपी के बीच चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं।

अकाली दल-BJP गठबंधन का ऐलान, अब सीट बंटवारे पर नजर

पंजाब की राजनीति में सबसे बड़ा घटनाक्रम 24 नवंबर को सामने आया, जब करीब छह साल बाद शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी ने 2027 विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का ऐलान कर दिया। गृह मंत्री अमित शाह ने अकाली दल को NDA का पुराना और महत्वपूर्ण सहयोगी बताते हुए कहा कि दोनों पार्टियां पंजाब में मिलकर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने यॉे भी साफ़ किया कि अकाली दल गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री अकाली दल से होगा।

इस बीच शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन के बाद उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दोनों दल 5 दिसंबर तक अपने संभावित उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सकते हैं। हालांकि, अभी तक दोनों पार्टियों ने इसकी आधिकारिक एलान नहीं किया है। उम्मीदवारों की जल्दी घोषणा करने के पीछे रणनीति ये है कि प्रत्याशियों को चुनाव से पहले अपने विधानसभा क्षेत्रों में काम करने, स्थानीय मुद्दों को समझने और संगठन को मजबूत करने का पर्याप्त समय मिल सके।

सीटों को लेकर क्या है चर्चा?

  • पुराने फॉर्मूले में अकाली दल 94 और बीजेपी 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी
  • इस बार बीजेपी करीब 40 से 45 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है।
  • अकाली दल के हिस्से में बाकी सीटें आएंगी
  • दोनों दलों के बीच कुछ विधानसभा क्षेत्रों को लेकर दावेदारी और बातचीत अभी जारी है।

2020 में क्यों टूटा था अकाली दल-BJP का गठबंधन?

अकाली दल और बीजेपी का गठबंधन करीब 24 साल तक चला था। दोनों दल 1997 से 2020 तक साथ रहे। 2007 और 2012 में गठबंधन ने पंजाब में सरकार भी बनाई। लेकिन सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने NDA से नाता तोड़ लिया था। हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। बाद में किसान आंदोलन के दौरान दोनों पार्टियों के बीच दूरी और बढ़ गई।

अब 2027 के चुनाव से पहले दोनों दलों का दोबारा साथ आना पंजाब की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। हालांकि, किसान आंदोलन के दौरान बने मतभेद, कृषि मुद्दे और दोनों दलों के अलग-अलग वोट बैंक को फिर से एक साथ लाना गठबंधन के लिए एक बड़ी चुनौती होगी।

AAP ने 117 में से 71 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

पंजाब चुनाव की तैयारियों में फिलहाल आम आदमी पार्टी सबसे आगे नजर आ रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली AAP ने 31 अक्टूबर और 12 नवंबर 2026 को दो सूचियां जारी कर कुल 71 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। यानी पार्टी ने चुनाव से काफी पहले अपनी करीब 61 फीसदी सीटों पर उम्मीदवार तय कर दिए हैं।

पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम थे। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को धुरी से, विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा से और कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से उम्मीदवार बनाया गया। इनके अलावा अमनशेर सिंह (शेरी कलसी), कुलदीप सिंह धालीवाल, डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और हरमीत सिंह संधू जैसे नेताओं को भी टिकट दिया गया।

दूसरी सूची में 31 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए। इसमें आठ मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं। प्रमुख नामों में गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला, डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा, करमजीत सिंह रिंटू को अमृतसर नॉर्थ और पवन कुमार टीनू को आदमपुर से टिकट दिया गया है।

AAP ने दूसरी सूची में कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां समेत आठ मौजूदा विधायकों को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया। पार्टी ने सर्वे और फीडबैक के आधार पर टिकट वितरण का दावा किया है। इस तरह AAP ने 46 सीटों पर उम्मीदवार घोषित करना बाकी रखा है।

कांग्रेस की तैयारी: दिसंबर के पहले सप्ताह में पहली सूची संभव

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह की अगुवाई में पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन के लिए सर्वे और संगठनात्मक फीडबैक का सहारा लेने का फैसला किया है। कांग्रेस ने संभावित उम्मीदवारों के नामों की जांच के लिए तीन सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी बनाई है। इस कमेटी की अध्यक्षता डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद कर रहे हैं। पार्टी सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे करवा रही है, ताकि उम्मीदवारों की लोकप्रियता, स्थानीय पकड़ और जीतने की संभावना का आकलन किया जा सके। कांग्रेस की पहली सूची में करीब 50 उम्मीदवारों के नाम शामिल होने की संभावना जताई गई थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पहली सूची दिसंबर के पहले सप्ताह में जारी हो सकती है।

कांग्रेस में गठबंधन की भी संभावना

गठबंधन की बात करें तो, कांग्रेस ने फिलहाल सभी विकल्प खुले रखे हैं। प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने संकेत दिया है कि पार्टी CPI और CPI(M) के साथ चुनावी समझौते पर बातचीत कर रही है। हालांकि, अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान को करना है।

अकाली दल और बीजेपी के दोबारा साथ आने पर कांग्रेस ने इसे राजनीतिक मजबूरी करार दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया है कि 2020 में जिन मुद्दों पर दोनों दल अलग हुए थे, क्या उनका समाधान हो गया है?

कांग्रेस के सामने एक ओर AAP सरकार को सत्ता से हटाने की चुनौती है, तो दूसरी ओर अपने नेताओं के बीच एकजुटता बनाए रखने की भी परीक्षा है।

वारिस पंजाब दे: अमृतपाल सिंह की पार्टी भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में

पंजाब चुनाव 2027 में एक और महत्वपूर्ण राजनीतिक ताकत के रूप में ‘अकाली दल (वारिस पंजाब दे)’ उभरने की कोशिश कर रहा है। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के नेतृत्व वाला ये संगठन विधानसभा चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।

जुलाई 2026 में पार्टी के वरिष्ठ नेता और दाखा से विधायक मनप्रीत सिंह इयाली ने कहा कि अमृतपाल सिंह विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्हें पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे के तौर पर भी पेश किए जाने की बात कही गई थी। हालांकि, उनके विधानसभा क्षेत्र को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। अमृतपाल सिंह फिलहाल असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। उनके चुनाव लड़ने का एलान और चुनाव लड़ने की कानूनी पात्रता अलग-अलग विषय हैं। इस संगठन ने ‘अकाली दल (वारिस पंजाब दे)’ नाम से राजनीतिक दल के पंजीकरण के लिए आवेदन किया है। लेकिन चुनाव आयोग की जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।

BSP और अन्य अकाली गुट: नए राजनीतिक मोर्चे की तैयारी?

पंजाब चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (BSP) और विभिन्न अकाली गुटों की भूमिका भी अहम हो सकती है। बीएसपी प्रमुख मायावती ने अगस्त 2026 में एलान कर दिया था कि पार्टी पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी। लेकिन नवंबर में राजनीतिक परिस्थितियों के बीच पार्टी ने अपनी रणनीति पर फिर विचार करना शुरू किया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, BSP ने अमृतपाल सिंह के नेतृत्व वाले वारिस पंजाब दे के साथ बैक-चैनल बातचीत शुरू की है। सीटों के बंटवारे और मायावती की मंजूरी के बाद गठबंधन की संभावना जताई गई है। इनकी कोशिश किसान संगठनों और अन्य सामाजिक समूहों को साथ लाने की है जिससे पारंपरिक अकाली राजनीति, पंथक मुद्दों, दलित वोट बैंक और किसान संगठनों को एक मंच पर लाया जा सके।

पंजाब चुनाव 2027: इस बार मुकाबला कितना दिलचस्प होगा?

पंजाब की राजनीति में इस बार मुकाबला केवल AAP और कांग्रेस के बीच नहीं रहने वाला है। अकाली दल और बीजेपी की वापसी से मुकाबले का समीकरण बदल गया है। वहीं, वारिस पंजाब दे, बीएसपी और अन्य अकाली गुटों के संभावित गठबंधन से एक नए राजनीतिक मोर्चे की संभावना भी बन रही है।

2022 के विधानसभा चुनाव में AAP ने 92 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया था। कांग्रेस को 18, अकाली दल को 3 और बीजेपी को 2 सीटें मिली थीं। इस बार AAP के सामने अपनी सरकार बचाने की चुनौती है, जबकि विपक्षी दलों के लिए बिखरे हुए वोट बैंक को एकजुट करना सबसे बड़ी परीक्षा होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here