पंजाब में मुख्यमंत्री सेहत योजना का बड़ा असर, 6 महीने में 2.42 लाख मरीजों को 852 करोड़ रुपये का मिला कैशलेस उपचार।

0
7

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में 8 जनवरी को शुरु हुई पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना में तेजी से काम हो रहा है। पिछले छह महीनों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरी है, इस दौरान 2,42,917 मरीजों को 4,79,602 कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया, जिनकी कुल लागत लगभग 852 करोड़ रुपये रही। इस योजना ने हजारों परिवारों को महंगे इलाज के आर्थिक बोझ से राहत देने का काम किया है। इस योजना के तहत अब तक 47 लाख से अधिक स्वास्थ्य कार्ड पंजीकृत किए जा चुके हैं, यह योजना राज्य में यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज के लक्ष्य को तेजी से आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 10 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध करा रही है।

योजना के लाभों की जानकारी साझा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ.बलबीर सिंह ने बताया कि क्रॉनिक हीमोडायलिसिस इस योजना के अंतर्गत सबसे अधिक लाभ प्राप्त करने वाला उपचार रहा है, इसके तहत 1.58 लाख से अधिक डायलिसिस सत्र किए गए, जिससे किडनी फेल होने के कारण सप्ताह में कई बार डायलिसिस कराने को विवश मरीजों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि लेप्रोस्कोपिक गॉलब्लैडर (पित्ताशय) सर्जरी के लगभग 12,400 ऑपरेशन किए गए हैं. इसके अतिरिक्त प्राइमरी टोटल नी रिप्लेसमेंट, सिजेरियन डिलीवरी, सामान्य प्रसव, हिस्टरेक्टॉमी, हिप रिप्लेसमेंट तथा जनरल लैपरोटॉमी जैसी सेवाओं का भी बड़ी संख्या में लाभ उठाया गया, जिनमें प्रत्येक के लगभग 8,700 से 8,900 मामले दर्ज किए गए। यह योजना पंजाब के हजारों लाभार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि भगवंत मान सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सूचीबद्ध अस्पतालों के नेटवर्क का विस्तार, जन-जागरूकता अभियान को तेज करने तथा पंजीकरण प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार इस योजना का लाभ उठा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here