तिब्बत: समुद्र तल से करीब 15,000 फीट की दुर्गम ऊंचाई पर स्थित मानसरोवर झील आज भी पूरी दुनिया के लिए गहरी श्रद्धा और अनसुलझे रहस्यों का सबसे बड़ा केंद्र है. कठिन, दुर्गम और सबसे खतरनाक यात्रा माने जाने वाले मानसरोवर को लेकर कई पौराणिक मान्यताएं हैं. कहा जाता है यहां केवल वही पहुंचते हैं जिन्हें स्वंय भोलेनाथ बुलाना चाहते हैं. महादेव के निवास स्थान यानी माउंट कैलाश की गोद में बसी यह झील सिर्फ भूगोल का हिस्सा नहीं, बल्कि वैश्विक आस्था का एक ऐसा धुरा है, जहां पहुंचकर विज्ञान के तर्क भी थम जाते हैं. इस अलौकिक झील की महत्ता केवल सनातन धर्म तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थान बौद्ध, जैन और तिब्बत के मूल बोन धर्म के अनुयायियों के लिए भी पूरे ब्रह्मांड का सबसे पवित्र केंद्र माना जाता है.
सात जन्मों के पापों से मुक्ति !
पौराणिक ग्रंथों और सनातन परंपरा में मानसरोवर के जल को चमत्कारी माना गया है. पुराणों के अनुसार, इस झील का पानी सिर्फ मानव शरीर को नहीं, बल्कि उसकी अंतरात्मा को शुद्ध करने की क्षमता रखता है. हाड़ कंपा देने वाली ठंड और बेहद कम ऑक्सीजन वाले इस खतरनाक क्षेत्र की यात्रा को कठिन आध्यात्मिक तपस्या का दर्जा दिया गया है. मान्यता है कि जो भी श्रद्धालु इस दिव्य जल को छू भर लेता है, वह जन्म और मरण के सांसारिक चक्र से हमेशा के लिए मुक्त होकर मोक्ष को प्राप्त करता है.
ब्रह्ममुहूर्त का रहस्य और अलौकिक ऊर्जा
मानसरोवर से जुड़ा सबसे बड़ा और रोमांचक रहस्य इसका ब्रह्ममुहूर्त काल है. स्थानीय तिब्बती लामाओं और यहां आने वाले कई सिद्ध साधकों का दावा है कि हर सुबह तड़के 3 से 5 बजे के बीच स्वयं भगवान शिव और माता पार्वती इस झील में स्नान करने उतरते हैं. कई यात्रियों ने इस यात्रा के बारे अपने अनुभव साझा किए हैं. जिसमें उन्होंने ब्रह्ममुहूर्त के समय झील के किनारे ध्यान लगाने पर एक अजीब सी अलौकिक ऊर्जा महसूस होने, कई बार रात के सन्नाटे में आसमान से दिव्य प्रकाश की किरणें झील में समाती हुई दिखाई देने का जिक्र किया है.
विज्ञान बनाम अध्यात्म
जहां आधुनिक विज्ञान इस क्षेत्र की विशिष्ट भौगोलिक स्थिति, अत्यधिक ऊंचाई पर हवा के दबाव और चुंबकीय तरंगों के प्रभाव को इन अनुभवों की वजह मानता है, वहीं करोड़ों भक्तों के लिए यह शुद्ध रूप से ईश्वर का साक्षात स्वरूप है. विज्ञान जहां इसे एक प्राकृतिक चमत्कार के रूप में देखता है, वहीं आस्था इसे मोक्ष का अंतिम द्वार कहती है. यही वजह है कि मानसरोवर आज भी रहस्य और श्रद्धा का सबसे बड़ा महासंगम बना हुआ है.




