गुरुग्राम: महिला बाइकर को थार से कुचलने की कोशिश, आरोपी पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज; राजस्थान से गिरफ्तार

गुरुग्राम पुलिस की तीन टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आखिरकार आरोपी को राजस्थान के दौसा जिले से हिरासत में ले लिया। उसे गुरुग्राम लाया जा रहा है।

0
40

गुरुग्राम: दिल्ली-एनसीआर के गुरुग्राम स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक राइडर को तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। घटना के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और एक्शन कैमरे की रिकॉर्डिंग खंगालने के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 यानी हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) की सख्त धारा जोड़ दी है। इस अपराध में दोषी को 10 साल तक की जेल हो सकती है।

राजस्थान के दौसा से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले कार चालक की पहचान कल्याण बैंसला के रूप में हुई है, जो हरियाणा के पलवल का निवासी है और वहां एक जिम चलाता है। हादसे के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। गुरुग्राम पुलिस की तीन टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आखिरकार आरोपी को राजस्थान के दौसा जिले से हिरासत में ले लिया। उसे गुरुग्राम लाया जा रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान

यह घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे की है। पीड़ित महिला राइडर शिवानी चौहान उर्फ सिया साथी बाइकर्स के साथ गोल्फ कोर्स रोड से गुजर रही थीं। इसी दौरान एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार साइड मारी, जिससे सिया काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गईं। घटना की पूरी रिकॉर्डिंग सिया की बाइक में लगे कैमरे में कैद हो गई थी। उन्होंने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज की।

पीड़िता का आरोप: जानबूझकर मारी गई टक्कर

हादसे के बाद जारी एक अन्य वीडियो संदेश में सिया ने आरोप लगाया कि कार चालक काफी समय से उनका पीछा कर रहा था और उसने जान से मारने की नीयत से जानबूझकर अपनी गाड़ी से बाइक में टक्कर मारी।

दोस्त से झूठ बोलकर ली थी गाड़ी

जांच प्रक्रिया के दौरान यह बात भी सामने आई है कि जिस वाहन से यह दुर्घटना हुई, वह आरोपी के दोस्त मनीष की है। मनीष का दावा है कि कल्याण ने उससे किसी काम का बहाना बनाकर गाड़ी मांगी थी और बाद में इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस कार को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here