Ganesh Cave Mana Gaon: जहां भगवान गणेश बने एकदंत; अपने ही दांत से लिखी थी महाभारत

देवभूमि उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम से महज 3 किलोमीटर दूर स्थित माणा गांव न सिर्फ अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है, बल्कि यह सनातन धर्म के सबसे बड़े इतिहास का गवाह भी है.

0
47

माणा (उत्तराखंड): हिमालय की बर्फीली चोटियों के बीच बसा एक छोटा सा पावन गांव माणा, जो भारत-तिब्बत सीमा पर स्थित है. यह केवल एक सीमावर्ती गांव नहीं है, बल्कि उस सनातन कालखंड की जीवित गवाह है जब भगवान और ऋषि-मुनि इस धरती पर मानव जाति के कल्याण के लिए ग्रंथों की रचना कर रहे थे. इसी गांव की ऊंची पहाड़ियों के बीच स्थित गणेश गुफा और व्यास गुफा दुनिया के सबसे बड़े महाकाव्य महाभारत के लिखे जाने की गाथा बयां करती हैं.

महाभारत की रचना और गणेश जी की शर्त

पौराणिक कथाओं और महाभारत के आदिपर्व के अनुसार, जब महर्षि वेदव्यास ने अपने ध्यान में पूरे महाभारत के घटनाक्रम को देख लिया, तो उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती इसे लिपिबद्ध (लिखने) करने की थी. व्यास जी के आह्वान पर बुद्धि के देवता विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश महाभारत लिखने के लिए तैयार हुए, लेकिन उन्होंने एक कठिन शर्त रखी. गणेश जी ने कहा कि उनकी लेखनी एक पल के लिए भी नहीं रुकनी चाहिए, यदि व्यास जी की वाणी रुकी, तो वे उसी समय लिखना छोड़कर चले जाएंगे. इस पर व्यास जी ने भी अपनी शर्त रखी कि गणेश जी हर श्लोक को पूरी तरह समझकर ही लिखेंगे. इस तरह व्यास जी के गूढ़ श्लोकों को समझने के दौरान उन्हें अगले श्लोक सोचने का समय मिल जाता था.

टूटी कलम तो उखाड़ लिया अपना ही दांत

माणा की गणेश गुफा में बैठकर यह अद्भुत लेखन प्रक्रिया लगातार तीन वर्षों तक चली. इसी दौरान एक ऐतिहासिक घटना घटी लिखते-लिखते गणेश जी की कलम (कमल की डंडी) बीच से टूट गई. शर्त के मुताबिक यदि गणेश जी रुकते, तो महाकाव्य अधूरा रह जाता. ज्ञान के उस प्रवाह को अखंड रखने के लिए बाल-गणेश ने बिना एक क्षण गंवाए अपने मुख से अपना एक दांत खुद तोड़ लिया, उसे स्याही में डुबोया और महाभारत की रचना पूरी की. यही कारण है कि महर्षि वेदव्यास रचित मूल शास्त्रों में गणेश जी को एकदंत कहे जाने के पीछे इस त्याग और समर्पण को सबसे प्रामाणिक माना जाता है.

पत्थरों में कैद महाभारत के पन्ने

आज भी माणा गांव आने वाले श्रद्धालुओं को यहां एक साक्षात अलौकिक दृश्य देखने को मिलता है. गणेश गुफा से कुछ ही दूरी पर स्थित व्यास गुफा की छत की चट्टानों को अगर ध्यान से देखा जाए, तो वे पत्थर इस तरह नजर आते हैं मानो किसी विशालकाय पुस्तक के पन्ने एक के ऊपर एक रखे हुए हों. स्थानीय मान्यताओं और शास्त्रों के अनुसार, यह महाभारत के वही हिस्से हैं जिन्हें पत्थरों का रूप दे दिया गया ताकि कलयुग के अंत तक यह ज्ञान सुरक्षित रहे. गणेश गुफा के भीतर प्रवेश करते ही एक असीम शांति और अलौकिक ऊर्जा का अहसास होता है. यही वजह है कि हर साल बद्रीनाथ आने वाले लाखों श्रद्धालु और शोधकर्ता इस पावन स्थल के दर्शन करने जरूर पहुंचते हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here