सीएम भगवंत मान और केजरीवाल ने की बड़ी घोषणाएं। पंजाब में मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना का विस्तार, 3 नए धार्मिक रूटों पर शुरू होगी यात्रा।

0
3

होशियारपुर के तलवाड़ा में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भजन संध्या के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मुफ्त ‘तीर्थ यात्रा’ योजना के विस्तार की घोषणा की। केजरीवाल ने कहा कि अगस्त से खाटू श्याम जी-सालासर, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन के लिए भी मुफ्त यात्रा शुरू की जाएगी और इन तीनों रूटों के लिए अगस्त में पंजीकरण खुलेगा। सरकार के मुताबिक करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने महिलाओं को वित्तीय सहायता दिए जाने का भी जिक्र किया और दावा किया कि 1 अगस्त को 50 लाख से अधिक महिलाओं को जुलाई, अगस्त और सितंबर की राशि एक साथ दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में लोगों को मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा कवर और महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

अरविंद केजरीवाल ने अमृतसर के भगवान वाल्मीकि मंदिर परिसर के पास माता सीता और लव-कुश को समर्पित भव्य मंदिर बनाने की घोषणा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंजाब के 22 शहरों में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ जैसे भजन संध्या कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि पटियाला के काली माता मंदिर को भव्य रूप देने के लिए 80 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब की एकता और सांप्रदायिक सद्भाव को प्रदेश की ताकत बताते हुए कहा कि अलग-अलग धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए 19 टोल प्लाजा बंद करने, 68 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां देने, करीब 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिलने और किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का दावा किया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि नहरी सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया गया है और करीब 44 हजार किलोमीटर सड़कों के निर्माण का काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने ‘मांवां-धियां सत्कार योजना’ का भी उल्लेख किया और बताया कि इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये सीधे बैंक खातों में दिए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाएं इस योजना के दायरे में हैं और इसके लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही भगवंत मान ने बीबीएमबी अस्पताल को पीजीआई चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरण और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल की मौजूदा इमारत को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर इसे क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here