
रिपोर्ट: सोमित मोहन
उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग के सामने इस बार चुनावी कार्यक्रम तय करते समय एक बड़ी चुनौती होगी। 16 फरवरी से CBSE की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं, जबकि कुछ राज्यों में बोर्ड परीक्षाओं की तारीखें भी चुनावी तैयारियों के साथ टकरा सकती हैं। ऐसे में सवाल है कि चुनाव आयोग पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान कब करेगा और मतदान किस समय कराया जा सकता है?
जनवरी में हो सकता है चुनावी कार्यक्रम का ऐलान?
फिलहाल चुनाव आयोग की ओर से तारीखों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, चुनावी तैयारियों को देखते हुए जनवरी 2027 में चुनाव कार्यक्रम ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है। चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीमें पांचों राज्यों का दौरा बारी बारी से कर रही हैं। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की टीम भी उन राज्यों का दौरा करेगी। आमतौर पर पूर्ण आयोग के दौरे के बाद ही चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाता है।
CBSE और यूपी बोर्ड की परीक्षाएं भी अहम
CBSE ने 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी। 10वीं की परीक्षाएं 9 मार्च तक, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल तक चलेंगी। CBSE के मुताबिक, 46 लाख से ज्यादा विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 5 फरवरी से 24 फरवरी 2027 तक आयोजित होंगी। परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। ऐसे में यूपी में चुनाव की तारीखें तय करते समय परीक्षा केंद्रों, शिक्षकों और दूसरे सरकारी कर्मचारियों की उपलब्धता का ध्यान रखना भी जरूरी हो जाता है।
चुनाव के दौरान स्कूलों और कॉलेजों का इस्तेमाल मतदान केंद्रों के तौर पर किया जाता है। शिक्षकों और दूसरे कर्मचारियों की ड्यूटी भी चुनाव में लगाई जाती है। ऐसे में बोर्ड परीक्षाओं और चुनावी ड्यूटी के बीच तालमेल बैठाना आयोग के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। हालांकि, अभी ये स्पष्ट नहीं है कि आयोग परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए मतदान की तारीखों का ऐलान करेगा या फिर अलग-अलग चरणों में चुनाव कराएगा।
मार्च में खत्म हो रहा है चार विधानसभाओं का कार्यकाल
इन पांच राज्यों में से मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027, गोवा का 14 मार्च, पंजाब का 16 मार्च और उत्तराखंड का 28 मार्च को समाप्त हो रहा है। उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है। ऐसे में चुनाव आयोग के सामने पांचों राज्यों में चुनावी प्रक्रिया समय पर पूरी कराने की चुनौती होगी।
चुनाव आयोग के सामने सिर्फ बोर्ड परीक्षाएं ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक मशीनरी और सुरक्षा बलों की उपलब्धता भी महत्वपूर्ण होगी। पांचों राज्यों में एक साथ चुनाव कराने के लिए चरणों और तारीखों का निर्धारण इन्हीं पहलुओं को ध्यान में रखकर किया जा सकता है।
फिलहाल सबसे अहम सवाल यही है कि क्या चुनाव आयोग जनवरी में ही चुनावी बिगुल फूंक देगा या बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए मतदान का कार्यक्रम फरवरी के आखिर और मार्च के बीच तय करेगा? इसका जवाब आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगा। सूत्रों के मुताबिक 15 दिसंबर को चुनाव आयोग इन राज्योंं में होने वाले चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकती है।



