
डिचोली, गोवा। गोवा के डिचोली विधानसभा क्षेत्र में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ‘आंगन की सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री विश्वजीत राणे ने हजारों महिलाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। कुछ शिकायतों पर उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस कार्यक्रम के तहत महिलाओं को लाडली लक्ष्मी और गृह आधार योजनाओं के चेक दिए गए। इसके अलावा, स्वयं सहायता समूहों को भी चेक वितरित किए गए। आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए 200 एलईडी टीवी और वाटर प्यूरीफायर भी दिए गए।
कार्यक्रम के बाद मंत्री विश्वजीत राणे जरूरतमंद, निराश्रित और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के घर पहुंचे। उन्होंने मरीजों और उनके परिवारों से मुलाकात कर जाना कि उन्हें घर पर जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सिद्धि कासार को निर्देश दिया कि मरीजों को जरूरी चिकित्सा सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं।
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री राणे ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बैठक में उनसे पूछा था कि महिला एवं बाल विकास मंत्री के तौर पर उन्होंने कितने लोगों के घर जाकर उनकी समस्याएं सुनी हैं। राणे के मुताबिक, इस सवाल के बाद उन्होंने जरूरतमंद लोगों के घर जाकर उनकी समस्याएं सुनने और मदद पहुंचाने का संकल्प लिया। इसी सोच के साथ ‘आंगन की सेवा’ कार्यक्रम शुरू किया गया।
मंत्री ने कहा कि गोवा सरकार की कोशिश है कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए बार-बार अस्पताल न जाना पड़े और उन्हें घर पर ही जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। सरकार इस दिशा में नई व्यवस्था शुरू करने पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गोवा में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




