नई दिल्ली: सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रव्यापी ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का दायरा बढ़कर देश के 35 करोड़ से ज्यादा लोगों तक पहुंच गया है. इस मुहिम में 13.94 करोड़ युवा और 10.86 करोड़ महिलाएं सक्रिय रूप से जुड़ चुकी हैं, जबकि देश भर के 32 लाख से अधिक शैक्षणिक संस्थान इस अभियान से संबंद्ध हो चुके हैं. मादक पदार्थों की मांग को कम करने के उद्देश्य से 15 अगस्त 2020 को शुरू की गई इस पहल का विस्तार शुरुआती 272 संवेदनशील जिलों से बढ़ाकर अब पूरे देश में कर दिया गया है.
जयपुर पहुंची राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली
नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के प्रति जन-जागृत करने के लिए निकाली जा रही एक राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली गुरुवार को जयपुर के अल्बर्ट हॉल पहुंची. राजस्थान के डीजीपी राजीव कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रैली में शामिल राइडर्स का जोरदार स्वागत किया. इस अभियान में सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एनडीआरएफ, एनएसजी और एसएसबी जैसे केंद्रीय बलों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के पुलिसकर्मी भी हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें जयपुर पहुंचने पर राजस्थान पुलिस के राइडर्स भी शामिल हो गए.
नशीले पदार्थ नष्ट करने में मध्य प्रदेश देश में सबसे आगे
अवैध मादक पदार्थों को नष्ट करने के मामले में मध्य प्रदेश पूरे देश में प्रथम स्थान पर है. राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में कुल 2,74,405 किलोग्राम नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया है. मुख्य सचिव अशोक बरनवाल की अध्यक्षता में हाल ही में आयोजित नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर की पांचवीं राज्य-स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश के 500 से अधिक विद्यार्थियों वाले सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘शा-विरोधी समितियों (एंटी-ड्रग कमेटियां) का गठन किया जाएगा. इन समितियों में शिक्षकों, अभिभावकों, छात्रों, पुलिस कर्मियों के साथ-साथ उच्च शिक्षा और सामाजिक न्याय विभाग के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा.




