पंजाब में खेलों का महाकुंभ, ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के चौथे सीजन में 10 लाख खिलाड़ियों का लक्ष्य

0
22

चंडीगढ़: पंजाब सरकार की ओर से आयोजित ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के चौथे संस्करण को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की गई है। इस बार प्रतियोगिता में करीब 10 लाख खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। खेलों का चौथा संस्करण 5 सितंबर से बठिंडा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम से शुरू हुआ, इस आयोजन का उद्देश्य पंजाब के गांवों, कस्बों और शहरों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना है। इस बार प्रतियोगिताओं में 38 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा पैरा खिलाड़ियों के लिए पैरा एथलेटिक्स, पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल जैसे चार खेल भी प्रतियोगिता का हिस्सा हैं।

14 वर्ष से 70 वर्ष से अधिक उम्र तक खिलाड़ी

‘खेडां वतन पंजाब दियां’ की एक खास बात यह है कि इसमें अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों को हिस्सा लेने का अवसर मिलता है। चौथे संस्करण में 14 वर्ष से लेकर 70 वर्ष से अधिक उम्र तक के नौ आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। सरकार के मुताबिक यह आयोजन अलग-अलग पीढ़ियों को एक साथ खेल के मैदान से जोड़ने का माध्यम भी बन रहा है प्रतियोगिताएं पंजाब के 153 ब्लॉकों और 23 जिलों को कवर करते हुए ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित की जानी हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन 16 जिलों में किया जाना है। पहली बार लड़कों और लड़कियों दोनों के लिए टेनिस बॉल क्रिकेट को प्रदर्शन खेल के तौर पर शामिल किया गया है।

QR कोड से मुफ्त रजिस्ट्रेशन

खिलाड़ियों की सुविधा के लिए इस बार QR कोड आधारित पंजीकरण व्यवस्था शुरू की गई है। पंजीकरण निःशुल्क रखा गया है और खिलाड़ी खेल विभाग के पोर्टल के माध्यम से भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। स्वर्ण पदक विजेता को 10 हजार रुपये, रजत पदक विजेता को 7 हजार रुपये और कांस्य पदक विजेता को 5 हजार रुपये दिए जाने हैं। 40 वर्ष तक के पदक विजेताओं को ग्रेडेशन प्रमाणपत्र देने का भी प्रावधान है।

खेलों के जरिए युवाओं को जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खेलों को युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और नशे के खिलाफ अभियान से जोड़ने पर जोर दिया है। सरकार ने खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदानों और जिम विकसित करने की योजना भी बताई है। पिछले तीन संस्करणों में भी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक पहले संस्करण में करीब 3.50 लाख, दूसरे में 4 लाख से अधिक और तीसरे संस्करण में करीब 4.35 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया था। चौथे संस्करण में 10 लाख प्रतिभागियों का लक्ष्य इसके पैमाने को और बड़ा करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here