रांची में बदमाशों का तांडव:फैमिली रेस्टोरेंट में दो हथियारबंद बदमाशों ने हमला किया; पुलिस जांच में जुटी

0
67

झारखंड की राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। कुतियातू चौक स्थित टीटोस फैमिली रेस्टोरेंट में दो हथियारबंद अपराधियों ने घुसकर गोलीबारी की, जिसमें वेटर मनीष गोप की मौत हो गई।

झारखंड की राजधानी रांची में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां बेखौफ बदमाशों ने एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कुतियातू चौक स्थित एक फैमिली रेस्टोरेंट में घुसकर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी. इस गोलीबारी में एक वेटर की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. शनिवार रात करीब दो हथियारबंद अपराधी टीटोस नामक फैमिली रेस्टोरेंट में दाखिल हुए और अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. इस दौरान रेस्टोरेंट में काम कर रहे वेटर मनीष गोप को गोली लग गई. गंभीर रूप से घायल मनीष को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मनीष की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया.

सूचना मिलते ही रांची के हटिया और कोतवाली डीएसपी के साथ सिटी एसपी पारस राणा भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है. इसके साथ ही शहर के सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही रेस्टोरेंट संचालक से अपराधियों ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी रंगदारी के मामले को लेकर बदमाश रेस्टोरेंट पहुंचे थे और संचालक को निशाना बनाना चाहते थे.

हालांकि गोली रेस्टोरेंट में काम कर रहे वेटर मनीष गोप को लग गई, जिससे उसकी जान चली गई.घटना के बाद पुलिस टीम ने मौके से कुछ खोखे भी बरामद किए हैं. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोलीबारी के पीछे असली मकसद क्या था. साथ ही अपराधियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है. गौरतलब है कि रांची में इस तरह की घटना पहले भी सामने आ चुकी है.

अक्टूबर 2025 में कांके थाना क्षेत्र के शेफ चौपाटी नामक रेस्टोरेंट में भी विवाद के बाद रेस्टोरेंट संचालक विजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस मामले में बिरयानी को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें वेज की जगह नॉनवेज बिरयानी परोसे जाने पर झगड़ा बढ़ गया था. बाद में रांची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उस घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here