गुवाहाटी में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रहे दूसरे और आखिरी टेस्ट में मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुँच चुका है। साउथ अफ्रीका पहली पारी में 489 रन बनाकर मज़बूत स्थिति में है, जबकि टीम इंडिया ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बिना विकेट खोए 9 रन बना लिए। तीसरा दिन दोनों टीमों के लिए काफी अहम होने वाला है।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने एक ऐसी सलाह दी, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। शास्त्री का कहना है कि अगर भारत को मैच जीतना है तो बल्लेबाज़ों को तेज खेलना होगा और समय बिल्कुल बर्बाद नहीं करना चाहिए। उन्होंने तो यहाँ तक कह दिया कि अगर हालात बने तो भारत को पहली पारी में 100 रन पीछे रहते हुए भी पारी घोषित कर देनी चाहिए, ताकि दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका को जल्दी आउट कर टारगेट हासिल किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भारत के पास 489 रन तक बैटिंग करने का समय नहीं है। टीम को मौके बनाने होंगे, फैसले लेने होंगे और हो सकता है कि पीछे रहते हुए डिक्लेयर करना पड़े। टेस्ट इतिहास में भारत चार बार ऐसा कर चुका है, लेकिन कभी जीत नहीं मिली। वहीं दुनिया में ऐसा 33 बार हुआ है और सिर्फ 3 टीमों को ही जीत नसीब हुई है।
शास्त्री की ये रणनीति जोखिम भरी है, लेकिन मैच की स्थिति को देखते हुए उन्होंने कहा कि भारत को आक्रामक होना होगा। अब देखना है कि टीम मैनेजमेंट इस सलाह पर कितना अमल करता है और तीसरे दिन क्या प्लान लेकर मैदान में उतरता है।



