
आज, बुधवार 19 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त किसानों के खातों में आने वाली है। लंबे समय से इसका इंतज़ार कर रहे देशभर के किसानों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज डीबीटी के ज़रिये 2-2 हजार रुपये पात्र किसानों के खातों में भेजेंगे।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, पीएम मोदी आज 9 करोड़ किसानों को कुल 18 हज़ार करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे। प्रधानमंत्री तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित कार्यक्रम से इस किस्त को जारी करेंगे। इससे पहले प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित राज्यों—पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर—के किसानों को यह किस्त पहले ही भेजी जा चुकी है।
पीएम किसान योजना की शुरुआत से अब तक सरकार 20 किस्तें जारी कर चुकी है। पिछली यानी 20वीं किस्त 2 अगस्त को जारी हुई थी, जिसमें करोड़ों किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर की गई थी।
लेकिन ध्यान रखने वाली बात यह है कि आज मिलने वाली 21वीं किस्त हर किसान को नहीं मिलेगी। जिन किसानों का नाम लाभार्थी सूची में नहीं है, उन्हें पैसा नहीं मिलेगा। इसके अलावा जिन किसानों ने ई-केवाईसी नहीं करवाई है, या जिनका बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, उनका पैसा भी अटक सकता है।
अगर आप यह चेक करना चाहते हैं कि आपका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं, और ई-केवाईसी की प्रक्रिया क्या है, तो योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आसानी से यह जानकारी प्राप्त की जा सकती है।




