कार्तिक पूर्णिमा: गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पटना में लगा लंबा जाम

0
50

नई दिल्ली। देशभर में आज 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों और नदियों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। गंगा, यमुना और सरयू समेत पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी लगाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। स्नान के बाद पूजा-अर्चना, सूर्य को अर्घ्य, दीपदान और दान-पुण्य का सिलसिला जारी है। इस बार कार्तिक पूर्णिमा के साथ देव दीपावली और सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व भी मनाया जा रहा है।

क्यों मनाई जाती है कार्तिक पूर्णिमा, क्या है इसका महत्व?

हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक महीने की पूर्णिमा को कार्तिक पूर्णिमा कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इसी विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसीलिए इस दिन को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है।

कार्तिक पूर्णिमा का संबंध भगवान विष्णु से भी है। हिंदू मान्यताओं में कार्तिक का महीना भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय माना जाता है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान, पूजा-पाठ और दान करने का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान और जरूरतमंदों को दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।

कार्तिक पूर्णिमा को पूरे कार्तिक महीने तक चलने वाले धार्मिक स्नान का समापन भी माना जाता है। श्रद्धालु पूरे महीने सुबह पवित्र नदियों में स्नान करते हैं और पूर्णिमा के दिन विशेष पूजा-अर्चना के साथ इस परंपरा का समापन करते हैं।

हर की पौरी, हरिद्वार, उत्तराखंड से दृश्य
हर की पौरी, हरिद्वार, उत्तराखंड से दृश्य

कौन-कौन मनाता है यह पर्व?

कार्तिक पूर्णिमा मुख्य रूप से हिंदू धर्म के अनुयायियों के लिए महत्वपूर्ण पर्व है। इसके साथ ही सिख समुदाय के लिए भी यह दिन विशेष महत्व रखता है। इस दिन गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाया जाता है। देशभर के गुरुद्वारों में कीर्तन, अरदास, नगर कीर्तन और लंगर का आयोजन किया जाता है। इस तरह एक ही दिन हिंदू और सिख समुदाय के लोग अपने-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पर्व मनाते हैं।

पटना में कार्तिक पूर्णिमा पर लगा लंबा जाम

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बिहार की राजधानी पटना में गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। कंगन घाट, दीघा घाट, जहाज घाट, काली घाट, एनआईटी घाट और नासरीगंज समेत कई घाटों पर सुबह से ही गंगा स्नान के लिए लोगों का पहुंचना जारी है। पटना के 31 घाटों पर स्नान की विशेष व्यवस्था की गई है।

श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिला। दीघा-एम्स-पाटलिपुत्र रोड पर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और गोताखोरों की तैनाती की गई है।

प्रयागराज से काशी तक गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। संगम और गंगा-यमुना के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। ठंड के बावजूद लोगों ने पवित्र स्नान किया और सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। श्रद्धालुओं ने एक महीने तक चले कार्तिक स्नान का समापन भी किया।

वहीं, वाराणसी यानी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के साथ देव दीपावली का भी विशेष उत्साह है। दशाश्वमेध, दरभंगा, राजेंद्र प्रसाद, अस्सी और अन्य प्रमुख घाटों पर सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गंगा स्नान के बाद बड़ी संख्या में लोग बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर के आसपास की गलियों में भी लंबी कतारें देखने को मिलीं।

काशी में शाम को देव दीपावली का भव्य आयोजन होगा। गंगा के घाटों पर लाखों दीप जलाए जाएंगे। गंगा आरती और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पूरा शहर दीपों की रोशनी से जगमगाएगा।

हरिद्वार, अयोध्या और कानपुर में भी श्रद्धालुओं की भीड़

उत्तराखंड के हरिद्वार में हरकी पैड़ी समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर लाखों श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए पहुंचे। वहीं, अयोध्या में सरयू नदी के घाटों पर भी सुबह से भक्तों की भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने सरयू में स्नान कर मंदिरों में पूजा-अर्चना की।

कानपुर में भी कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ा। अटल घाट, सरसैया घाट, नानाराव घाट, मैस्कर घाट, आनंद घाट और शुक्लागंज के गंगा तटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। स्नान के बाद लोगों ने पूजा-अर्चना, दीपदान और दान-पुण्य किया। बिठूर के ब्रह्मावर्त घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

ओडिशा के पुरी में भी कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। देश के अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धालु पवित्र नदियों और तीर्थस्थलों पर पहुंचकर इस पर्व को मना रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here