
गोवा: गोवा और भारत के लिए गौरव का क्षण है। पद्मश्री सद्गुरु ब्रह्मेशानंद आचार्य स्वामीजी को अमेरिका के न्यूयॉर्क में प्रतिष्ठित न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली साइटेशन से सम्मानित किया गया है। श्री दत्त पद्मनाभ पीठ, तपोभूमि, गोवा के पीठाधीश्वर सद्गुरु स्वामीजी को यह सम्मान वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक नेतृत्व, मानव सेवा, वैदिक विरासत के संरक्षण, विभिन्न धर्मों के बीच सद्भाव और विश्व शांति के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया गया है।
न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य ने किया सम्मान
ये सम्मान न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य माननीय डेविड आई. वीप्रिन की ओर से जारी किया गया। न्यूयॉर्क में दक्षिण एशियाई समुदाय के प्रमुख प्रतिनिधि दिलीप चौहान ने एक विशेष कार्यक्रम में सद्गुरु स्वामीजी को यह साइटेशन प्रदान किया। इस सम्मान के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आध्यात्मिक और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को मान्यता दी गई है।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय आध्यात्मिक दर्शन का प्रचार
सद्गुरु ब्रह्मेशानंद आचार्य स्वामीजी विभिन्न देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक सम्मेलनों, अंतरधार्मिक संवाद और मानव कल्याण से जुड़ी पहलों के माध्यम से भारतीय आध्यात्मिक दर्शन और संस्कृति का संदेश दुनिया तक पहुंचा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य विभिन्न धर्मों और समुदायों के बीच आपसी समझ, सद्भाव और सहयोग को बढ़ावा देना है। उनके नेतृत्व में भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं और वैदिक ज्ञान को वैश्विक मंचों पर प्रस्तुत किया जा रहा है।
‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के संदेश को वैश्विक पहचान
उनके वैश्विक आध्यात्मिक अभियान का प्रमुख संदेश ‘वसुधैव कुटुम्बकम् यानी पूरी दुनिया एक परिवार है’ रहा है। भारतीय संस्कृति का ये प्राचीन विचार मानवता को एक परिवार मानते हुए आपसी प्रेम, करुणा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने पर जोर देता है। स्वामीजी अंतरराष्ट्रीय मंचों के माध्यम से इसी दर्शन को आगे बढ़ा रहे हैं।
सम्मान को भारत की आध्यात्मिक विरासत को किया समर्पित

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान को स्वीकार करते हुए सद्गुरु स्वामीजी ने इसे व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय भारत की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत, सनातन धर्म और उसके सार्वभौमिक मूल्यों को समर्पित किया। उन्होंने शांति, करुणा और भाईचारे के संदेश को मानवता के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इस सम्मान को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का गौरव बताया।
गोवा के साथ देश के लिए भी गौरव का क्षण

न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली की ओर से मिला ये सम्मान सद्गुरु ब्रह्मेशानंद आचार्य स्वामीजी की वैश्विक आध्यात्मिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ये सम्मान न केवल गोवा की आध्यात्मिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान देता है, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और मानवता के सार्वभौमिक संदेश को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के उनके प्रयासों को भी रेखांकित करता है।




