सावन का महीना आते ही बम-बम भोले के जयकारे और केसरिया कपड़ों में सजे शिव भक्तों का सैलाब हमारी संस्कृति की सबसे अद्भुत तस्वीर पेश करता है. हिंदू धर्म में कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि अटूट आस्था, कठिन तप, संयम और भगवान शिव के प्रति समर्पण का प्रतीक है. हर साल सावन मास में लाखों शिवभक्त पवित्र नदियों से गंगाजल भरकर कांवड़ में लाते हैं और अपने आराध्य का जलाभिषेक करते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस पवित्र परंपरा की शुरुआत करने वाला पहला कांवड़िया कौन था? आइए इससे जुड़ी पौराणिक कथाओं और मान्यताओं के बारे में जानते हैं .
कांवड़ यात्रा 2026
इस साल कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू हो रही है, जो 28 अगस्त तक चलेगी. हालांकि, इस बार मुख्य कांवड़ यात्रा 11 अगस्त 2026 तक ही विशेष मानी जाएगी, क्योंकि इसी दिन सावन शिवरात्रि है. परंपरा के अनुसार, अधिकांश शिवभक्त इसी दिन शिवलिंग पर जल अर्पित कर अपनी यात्रा का समापन करते हैं.
जलाभिषेक का शुभ समय
सावन के पूरे महीने में किसी भी दिन सच्चे मन से शिव जी को गंगाजल अर्पित किया जा सकता है, लेकिन कुछ खास दिनों का महत्व सबसे अधिक माना गया है. सावन के सभी सोमवार, नाग पंचमी और सावन शिवरात्रि को भगवान शिव का जलाभिषेक करना बेहद शुभ माना जाता है.
कौन था दुनिया का पहला कांवड़िया?
अब आते हैं उस सवाल के जवाब पर कि आखिर कांवड़ यात्रा शुरू करने वाला पहला कांवड़िया कौन था. इतिहास और पुराणों में एक जैसी किसी एक घटना का लिखित प्रमाण नहीं मिलता, लेकिन लोककथाओं और धार्मिक ग्रंथों में तीन प्रमुख प्रसंग सबसे ज्यादा प्रसिद्ध हैं. सबसे लोकप्रिय और सर्वमान्य मान्यता के अनुसार, भगवान परशुराम को संसार का पहला कांवड़िया कहा जाता है. पौराणिक कथाओं के मुताबिक, त्रेतायुग में उन्होंने गढ़मुक्तेश्वर से पवित्र गंगाजल लेकर उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध पुरा महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया था. माना जाता है कि यहीं से कांवड़ में जल लाकर शिव को अर्पित करने की इस महान परंपरा की शुरूआत हुई थी.
श्रवण कुमार और माता-पिता की तीर्थयात्रा
एक अन्य प्रसिद्ध कथा श्रवण कुमार से जुड़ी है. कहा जाता है कि वे अपने वृद्ध और नेत्रहीन माता-पिता को कांवड़ में बैठाकर तीर्थयात्रा पर ले गए थे. इस दौरान वे साथ में पवित्र जल भी रखते थे. हालांकि यह प्रसंग मुख्य रूप से माता-पिता की अंधी सेवा का प्रतीक है, लेकिन कई परंपराओं में इसे कांवड़ सेवा और यात्रा की प्रेरणा से भी जोड़ा जाता है.
लंकापति रावण और हलाहल विष
कुछ धार्मिक ग्रंथों में लंकापति रावण का भी उल्लेख मिलता है. कथा के अनुसार, जब समुद्र मंथन के दौरान निकले हलाहल विष को भगवान शिव ने सृष्टि की रक्षा के लिए अपने कंठ में धारण किया, तो उनके शरीर में अत्यधिक ताप उत्पन्न होने लगी. तब रावण ने कांवड़ में गंगाजल भरकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया था, जिससे उन्हें शीतलता प्राप्त हुई. इस पौराणिक प्रसंग को भी कांवड़ परंपरा की शुरुआत का एक अहम हिस्सा माना जाता है.
आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व
यह यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान भर नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के आत्मसंयम, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता की सबसे बड़ी परीक्षा है. यात्रा के दौरान शिवभक्त पूर्ण रूप से सात्विक जीवन जीते हैं, कड़े नियमों का पालन करते हैं और हर पल भगवान शिव का स्मरण करते हैं. मान्यता है कि जो भी भक्त पूरी निष्ठा, नियम और पवित्र भाव से कांवड़ यात्रा पूरी कर भगवान शिव का जलाभिषेक करता है, उसके जीवन की सभी बाधाएं दूर होती हैं, मानसिक शांति मिलती है और भोलेनाथ की असीम कृपा प्राप्त होती है.




