KPB Trust ITF Women’s Open W100: बेंगलुरु में टेनिस का महाकुंभ, ITF टूर्नामेंट में सहजा यमलपल्ली और विदेशी स्टार्स के बीच होगी जंग

0
87

बेंगलुरु में इन दिनों टेनिस का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। डेविस कप की ऐतिहासिक जीत का जश्न अभी थमा भी नहीं था कि शहर अब देश के सबसे बड़े महिला इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट— KPB Trust ITF Women’s Open W100 की मेजबानी के लिए तैयार है। 15 से 22 फरवरी तक बेंगलुरु का एस.एम. कृष्णा टेनिस स्टेडियम दुनिया भर की टेनिस सुंदरियों और उनके दमदार शॉट्स का गवाह बनेगा।

भारत की इन ‘बेटियों’ को मिली वाइल्डकार्ड एंट्री

इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय खिलाड़ी होने वाली हैं। भारत की टॉप रैंकिंग वाली सहजा यमलपल्ली और जूनियर सनसनी माया राजेश्वरन रेवती को मेन ड्रा में वाइल्डकार्ड एंट्री दी गई है। उनके साथ श्रीवल्ली भमिदिपाती और वैष्णवी अडकर भी घरेलू मैदान पर अपना दम दिखाएंगी। भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह अपनी रैंकिंग सुधारने और दुनिया की टॉप खिलाड़ियों से लोहा लेने का सुनहरा मौका है।

विदेशी खिलाड़ियों की ‘ग्लेमरस’ जंग

टूर्नामेंट में इंटरनेशनल स्टार्स की भी कोई कमी नहीं है। ऑस्ट्रिया की जूलिया ग्रैबर (WTA No. 79) इस टूर्नामेंट की टॉप सीड हैं। उनके अलावा फ्रांस की लियोलिया जीनजीन, जो पिछले साल रनर-अप रही थीं, इस बार खिताब जीतने के इरादे से लौट रही हैं। साथ ही मुंबई ओपन की विजेता मनानचाया सावांगकाव और रूस की एरिका एंड्रीवा जैसी दिग्गज खिलाड़ी भी मैदान में होंगी।

क्यों खास है यह टूर्नामेंट?

  • बड़ा ईनाम, बड़ा पॉइंट्स: यह $100,000 (W100) कैटेगरी का टूर्नामेंट है, जो खिलाड़ियों को सीधे WTA टूर की राह दिखाता है।
  • बेंगलुरु का दबदबा: यह टूर्नामेंट साबित करता है कि बेंगलुरु अब भारत का टेनिस डेस्टिनेशन बन चुका है। जनवरी में ‘बेंगलुरु ओपन ATP 125’ के बाद अब यह महिला टेनिस का महाकुंभ होने जा रहा है।
  • चैंपियंस की विरासत: 2021 में शुरू हुआ यह टूर्नामेंट हर साल भव्य होता जा रहा है। पिछले साल जर्मनी की तातजाना मारिया ने यहाँ खिताब जीता था।

“युवाओं के लिए प्रेरणा” – महेश्वर राव (KSLTA)

कर्नाटक स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन के मानद सचिव महेश्वर राव (IAS) ने कहा कि इस स्तर के टूर्नामेंट न केवल बेंगलुरु का प्रोफाइल बढ़ाते हैं, बल्कि हमारे युवा एथलीटों को भी प्रेरित करते हैं। वहीं, KPB फैमिली ट्रस्ट के संस्थापक के.पी. बालराज ने कहा कि उन्हें इस टूर्नामेंट के लगातार सफल होने पर गर्व है और वे टेनिस प्रेमियों के लिए एक रोमांचक हफ्ते का इंतज़ार कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here