दिल्ली में लाल किले पर ध्वजारोहण, गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम। 15 अगस्त पर राजधानी कितनी तैयार, जानिए

0
28

भारत 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है, जिसको लेकर देशभर के लोगों में खासा उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर इस बार स्वतंत्रता दिवस पर ‘वंदे मातरम्’ और ‘विकसित भारत @2047 में युवा शक्ति की भूमिका’ थीम पर फोकस रहेगा। ध्वजारोहण, 21 तोपों की सलामी और हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश के साथ समारोह में करीब 5 हजार विशेष अतिथि शामिल होने जा रहे है। खास बात यह है कि लाल किले के स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा।

विकसित भारत @2047 की थीम

80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का पूरा कार्यक्रम पहले से तय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले पहुंचने से लेकर राष्ट्रीय ध्वज फहराने, 21 तोपों की सलामी, हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश, राष्ट्र के नाम संबोधन और आखिर में एनसीसी कैडेट्स और माय भारत वॉलंटियर्स के ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन तक इस साल की थीम ‘विकसित भारत @2047 के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका’ की झलक दिखाई देने वाली है। बता दे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले पर पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह उनका स्वागत करेंगे। रक्षा सचिव, दिल्ली एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल राजेश सेठी से प्रधानमंत्री का परिचय कराएंगे। इसके बाद लेफ्टिनेंट जनरल राजेश सेठी प्रधानमंत्री को सलामी बेस तक ले जाएंगे, जहां इंटर-सर्विसेज और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टुकड़ी उन्हें जनरल सलामी देगी। इसके बाद प्रधानमंत्री गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे जिसमें थलसेना, नौसेना, वायुसेना और दिल्ली पुलिस की टुकड़ियां शामिल होंगी।

पहली बार होगा ‘वंदे मातरम्’

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर जाएंगे। यहां प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। ध्वजारोहण में कैप्टन सोनिया सिंह चौहान उनकी सहायता करेंगी। राष्ट्रीय ध्वज फहराते ही 1721 फील्ड बैटरी की ओर से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके लिए स्वदेशी 105 एमएम लाइट फील्ड गन का इस्तेमाल होगा। सेरेमोनियल बैटरी की कमान मेजर पवन सिंह शेखावत के पास होगी, जबकि गन पोजिशन ऑफिसर नायब सूबेदार अनुथोष सरकार होंगे। ध्वजारोहण के बाद तिरंगे को राष्ट्रीय सलामी दी जाएगी। इसके तुरंत बाद थलसेना का बैंड ‘वंदे मातरम्’ की धुन बजाएगा और समारोह में मौजूद लोग राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन करेंगे। इसके बाद राष्ट्रगान होगा।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, हाई अलर्ट

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। लाल किले और उसके आसपास के इलाकों में 15 हजार से अधिक सुरक्षा जवान तैनात हैं। सुरक्षा के लिए ड्रोन और 1 हाजर से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है, और पतंगबाजी पर रोक जैसी पाबंदियां भी लगाई गई हैं। लाल किले के पास और संवेदनशील स्थानों पर एनएसजी, अर्धसैनिक बलों और कमांडो को तैनात किया गया है,राजधानी के बॉर्डर इलाकों, बाजारों, मेट्रो स्टेशनों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर सघन चेकिंग अभियान और गश्त बढ़ाई गई है। यातायात और सुरक्षा के लिए लाल किले के आसपास के कई मार्गों को आम वाहनों के लिए बंद कर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here