दिल्ली का थप्पड़ कांड: प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल को दी चेतावनी, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

प्रवेश वर्मा ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि सरकारी कामकाज में बाधा डालने वाले नेताओं और उनके समर्थकों की मनमानी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

0
22

नई दिल्ली: दिल्ली की राजनीति एक बार फिर से गरमा गई है. हाल ही में तिलक नगर इलाके में सड़क के निरीक्षण के दौरान हुए विवाद और एक युवक को थप्पड़ मारने के मामले पर सियासी पारा चढ़ गया है. दिल्ली सरकार के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया है. प्रवेश वर्मा ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि सरकारी कामकाज में बाधा डालने वाले नेताओं और उनके समर्थकों की मनमानी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

क्या है पूरा विवाद?

यह पूरा हंगामा दिल्ली के तिलक नगर में सड़क की गुणवत्ता की जांच के दौरान शुरू हुआ था. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में नजर आया कि जब आप विधायक जरनैल सिंह ने सड़क उखाड़कर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, तो उसी दौरान एक युवक मोबाइल से वीडियो बनाने लगा. स्थिति तनावपूर्ण होने पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने उस युवक का हाथ हटाते हुए थप्पड़ जड़ दिया. इस घटना का वीडियो आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर शेयर कर दिया, जिसके बाद विपक्ष हमलावर हो गया. इस सिलसिले में विकासपुरी और तिलक नगर थाने में कुल 5 शिकायतें दर्ज कराई गई हैं.

प्रवेश वर्मा के 24 घंटे में आए 4 बड़े बयान

इस पूरे घटनाक्रम के बाद मंत्री प्रवेश वर्मा ने अपनी सफाई देते हुए एक के बाद एक कई तीखे बयान दिए. प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि आप विधायक जरनैल सिंह लंबे समय से पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों पर कमीशन का दबाव बना रहे थे. उन्होंने कहा कि विधायक अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर आए थे. उनके एक कार्यकर्ता ने परिवार को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके बाद गुस्से में उनसे ऐसी प्रतिक्रिया निकल गई. मंत्री ने कहा कि वह केवल अपने इंजीनियर के साथ गुरुद्वारे के पास की सड़क देखने गए थे, लेकिन विधायक अपने साथ कथित हिस्ट्रीशीटर और गुंडों को ले आए. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद सिर्फ विकास करना है और अगर कोई इसमें रुकावट डालेगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा. इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि यह उस अहंकारी सत्ता का चेहरा है जिसे अब जनता से डर नहीं लगता. इस पर पलटवार करते हुए प्रवेश वर्मा ने लिखा, राहुल जी, आप रहने दो भाई, आपको जमीनी हकीकत का कुछ नहीं पता. वहीं अरविंद केजरीवाल के ‘जेन-जी’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा कि आप नेताओं का यह ड्रामा अब नहीं चलने वाला है. उन्होंने दावा किया कि थप्पड़ खाने वाला युवक कोई आम जेन-जी छात्र नहीं है, बल्कि वह एक आदतन अपराधी है जिसके खिलाफ कुछ महीने पहले ही एमसीडी (MCD) अधिकारी से मारपीट का मामला दर्ज हुआ था.

    अरविंद केजरीवाल और ‘आप’ का रुख

    दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना की तीखी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी सरकार से पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता की उम्मीद करती है. यदि सड़क निर्माण में किसी प्रकार का भ्रष्टाचार पाया जाता है, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. केजरीवाल ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि सिर्फ सोशल मीडिया पर रील बनाने से सरकारें नहीं चलतीं, इसके लिए जवाबदेही तय करनी पड़ती है.

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here