शहीद ऊधम सिंह के 87वें शहीदी दिवस पर सीएम मान ने दी श्रद्धांजलि, बोले- उनका बलिदान अमर रहेगा

पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने सुनाम में शहीद ऊधम सिंह के 87वें शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि महान क्रांतिकारी का बलिदान देश के युवाओं के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत रहेगा.

0
6

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सुनाम में आयोजित एक राज्य-स्तरीय समारोह के दौरान महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह को उनके 87वें शहीदी दिवस पर नमन किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.

जलियांवाला बाग नरसंहार का लिया था बदला

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम मान ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह ने ब्रिटिश शासन के दौरान जलियांवाला बाग में हुए खौफनाक नरसंहार का बदला लिया था. पंजाब के तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’डायर के आदेश पर सैकड़ों निर्दोष भारतीयों की हत्या कर दी गई थी. शहीद ऊधम सिंह ने लंदन के कैक्सटन हॉल में माइकल ओ’डायर को उसके किए की सजा देकर देश के लिए न्याय सुनिश्चित किया था.

युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है महान क्रांतिकारी का जीवन

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए दिया गया यह अद्वितीय बलिदान आने वाली पीढ़ियों को निस्वार्थ भाव से राष्ट्र सेवा करने के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा. देश इस महान शहीद का हमेशा ऋणी रहेगा, जिन्होंने अपनी मातृभूमि की आन, बान और शान के खातिर अपने प्राणों की आहुति दे दी. इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया तथा कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा समेत कई प्रमुख नेता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने शहीद ऊधम सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here