गोल्ड लोन बाजार में संकट के बादल, सोना 30% सस्ता होने से घटी गिरवी गहनों की वैल्यू, 6 महीने में दोगुना हुआ बैड लोन।

0
38

सोने की कीमतों में रिकॉर्ड स्तर से आई करीब 30% भारी गिरावट ने गोल्ड लोन बाजार में जोखिम बढ़ा दिया है। जनवरी 2026 में लगभग 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर पहुंचा सोना अब फिसलकर 1.25 लाख रुपये के आसपास आ गया है, जिसके कारण फाइनेंस कंपनियों के पास गिरवी रखे सोने की बाजार वैल्यू तेजी से घटी है। क्रेडिट ब्यूरो ट्रांसयूनियन सिबिल की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, इसके चलते पिछले छह महीनों में गोल्ड लोन का बैड लोन यानी NPA दोगुना हो गया है। मार्च 2026 के अंत तक कुल गोल्ड लोन में डिफॉल्ट होने वाला हिस्सा 0.16 प्रतिशत था, जो अगस्त के अंत तक बढ़कर 0.3 प्रतिशत पर पहुंच गया है।

कीमतों में इस गिरावट के कारण कई खातों में लोन-टू-वैल्यू रेशियो भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा तय की गई 85 प्रतिशत की अधिकतम सीमा को पार कर गया है। बढ़ते जोखिम को देखते हुए RBI ने 24 से अधिक नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनियों (NBFC) के सीईओ के साथ बैठक कर अंधाधुंध कर्ज बांटने से बचने और LTV रेशियो की सख्त निगरानी करने की चेतावनी दी है। इस स्थिति का सीधा असर ग्राहकों और लेंडिंग कंपनियों पर दिखने लगा है,जहां एक ओर कंपनियों के शेयरों पर दबाव है, तो दूसरी ओर कर्ज लेने वाले ग्राहकों को अतिरिक्त सोना जमा करने या लोन का कुछ हिस्सा तुरंत चुकाने के नोटिस मिल सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here