बुलंदशहर | क्षेत्र के नरौरा थानांतर्गत ग्राम रतनपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक ओर नवरात्र के उपलक्ष्य में कन्या पूजन की तैयारियां चल रही थीं, वहीं एक पिता ने मामूली विवाद में अपनी 12 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. आरोपी पिता ने न सिर्फ बेटी की जान ली, बल्कि बीच-बचाव करने आई पत्नी को भी पीट पीटकर अधमरा कर कमरे में कैद कर दिया और मौके से फरार हो गया.
मामूली बात पर भड़का गुस्सा
जानकारी के अनुसार, रतनपुर निवासी पुष्पेंद्र की 12 वर्षीय पुत्री पूजा पर एक स्थानीय दुकानदार ने टॉफी का डिब्बा चोरी करने का आरोप लगाया था. गुरुवार को जब दुकानदार ने इसकी शिकायत पुष्पेंद्र से की, तो वह आपा खो बैठा. आरोप है कि पुष्पेंद्र ने घर पहुंचते ही डंडे से मासूम पूजा पर हमला कर दिया. पिटाई इतनी बर्बर थी कि कुछ ही देर में बालिका ने दम तोड़ दिया.
पत्नी को भी पीटा, कमरे में किया कैद
बेटी को बचाने दौड़ी मां आरती को भी आरोपी ने नहीं बख्शा. उसने आरती को भी डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. वारदात के बाद आरोपी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया ताकि घायल पत्नी शोर न मचा सके. घंटों तक मासूम का शव और लहूलुहान मां एक ही कमरे में कैद रहे. गुरुवार देर शाम आरोपी बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया.
ग्रामीणों ने तोड़ा दरवाजा, तब हुआ खुलासा
काफी समय बाद जब घायल मां ने हिम्मत जुटाकर शोर मचाया, तब पड़ोसियों ने पहुंचकर घर का ताला तोड़ा. कमरे के भीतर का मंजर देख ग्रामीणों के होश उड़ गए. मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद नरौरा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए.
पुलिस की कार्रवाई
बुलंदशहर एसएसपी ने बताया कि आरोपी पिता पुष्पेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस की तीन टीमें फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं.




