
Report by : शिवम त्रिपाठी
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा-जदयू के मंत्रियों की संख्या लगभग बराबर 16-16 होगी। इसके अलावा, लोजपा (आर) से 2, हम और रालोमो से 1-1 मंत्री बनाए जाने की संभावना है।
आज सोमवार सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदा कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी, जिसमें विधानसभा भंग करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसके बाद नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा देंगे और नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
20 नवंबर को गांधी मैदान में नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। शपथ ग्रहण के आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
मुख्यमंत्री आवास पर JDU विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें सभी विधायक शामिल होंगे। पटना से दिल्ली तक सरकार गठन को लेकर कवायद जारी रही। दिल्ली में पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक हुई।
शपथ ग्रहण में कितने मंत्री शामिल होंगे, इसे लेकर फिलहाल दो रुख सामने हैं। एक अनुसार केवल मुख्यमंत्री शपथ लेंगे, जबकि दूसरी लाइन में मुख्यमंत्री, 2 उप मुख्यमंत्री और 20 मंत्री शपथ लेंगे। कुल मिलाकर बिहार में सीएम सहित 36 मंत्री बनने की संभावना है। जदयू से सीएम सहित 16 और भाजपा से 2 उप मुख्यमंत्री सहित 16 मंत्री बन सकते हैं। लोजपा (आर) से उप मुख्यमंत्री बनने की भी चर्चा है।




