नई दिल्ली, 28 अक्टूबर। भारतीय मुक्केबाज आदित्य ने अंडर-19 वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। पुरुषों के 55 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में आदित्य ने रूस के इस्लाम मैगोमेदोव को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में आदित्य ने दमदार खेल दिखाया और रूसी मुक्केबाज को कड़ी चुनौती दी। एशियन अंडर-19 चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आदित्य ने मुकाबले में अपना प्रदर्शन बनाए रखा और जजों के फैसले के आधार पर जीत हासिल की।
इस जीत के साथ आदित्य ने भारत को चैंपियनशिप का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। वह इस प्रतियोगिता में अपनी भार श्रेणी के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय मुक्केबाज बने थे। फाइनल में जीत के साथ उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन को स्वर्ण पदक में बदल दिया।
आदित्य की इस उपलब्धि से भारतीय मुक्केबाजी को बड़ी सफलता मिली है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ा है।




