
रिपोर्ट: संजय कुमार
पटना। ऑनलाइन सट्टेबाजी के जरिए देशभर में करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार चलाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पर्दाफाश किया है। बुधवार को बिहार, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और झारखंड में एक साथ 16 ठिकानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई में गिरोह के सरगना समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 37 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, टैबलेट, सैकड़ों ATM और क्रेडिट कार्ड समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में गिरोह के बड़े आर्थिक नेटवर्क और कई राज्यों में फैले इसके संचालन का पता चला है।
दुबई में बैठा सरगना, भारत में फैला सट्टेबाजी का जाल!
जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का कथित सरगना दुबई में बैठकर विदेशी सर्वर के जरिए सट्टेबाजी की वेबसाइट संचालित कर रहा था। STF के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कथित सरगना संदीप कुमार गुप्ता और लवली प्रिया शामिल हैं, जिन्हें रांची से पकड़ा गया। मनीदीप सिंह उर्फ गोल्डी को पटना के पत्रकार नगर से गिरफ्तार किया गया, जबकि कौशल कुमार, चंगू और मोनू कुमार उर्फ मंगू को दानापुर के मेरिनडियन एन्क्लेव से पकड़ा गया। पुलिस अब आरोपियों की भूमिका और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

44 बैंक खातों में 88.52 करोड़ रुपये का लेनदेन
इस पूरे नेटवर्क का सबसे चौंकाने वाला पहलू इसका आर्थिक लेनदेन है। जांच एजेंसियों ने अब तक 44 म्यूल बैंक खातों की पहचान की है। इन खातों में करीब 88.52 करोड़ रुपये जमा हुए, जबकि लगभग 87.62 करोड़ रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर किए गए। STF के अनुसार, जमा रकम का करीब 99 फीसदी हिस्सा आगे भेज दिया गया। आशंका है कि इन खातों का इस्तेमाल रकम के वास्तविक स्रोत और जिसके पास पैसा पहुंचा है उसकी पहचान छिपाने के लिए किया गया।
छापेमारी में करीब 22 लाख रुपये नकद, 300 से अधिक ATM और क्रेडिट कार्ड, 100 से ज्यादा मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, छह टैबलेट और करीब 500 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में सिम कार्ड, POS मशीन, QR साउंड बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
महादेव ऐप की तर्ज पर चल रहा था सट्टेबाजी का नेटवर्क

पुलिस जांच में BaliExch.com, shiva365.live, cricbuzzexch.com और bazimmro.com जैसी ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटों के नाम सामने आए हैं। STF के अनुसार, इन प्लेटफॉर्म को महादेव गेमिंग और सट्टेबाजी ऐप की तर्ज पर संचालित किया जा रहा था। गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और WhatsApp कॉल-चैट के जरिए लोगों को सट्टेबाजी में शामिल करते थे। उन्हें बैंक खातों की जानकारी और QR कोड भेजकर पैसे जमा कराए जाते थे।
जांच में ये भी आरोप सामने आया है कि नए यूजर्स का भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में उन्हें जीतने दिया जाता था। इसके बाद बड़ी रकम लगाने के लिए प्रेरित किया जाता और फिर उनकी रकम डूब जाती थी। कुछ मामलों में कथित तौर पर जीत की रकम भी नहीं दी जाती थी। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क में किशोरों और युवाओं को भी निशाना बनाया गया।
विदेशी सर्वर और म्यूल खातों से छिपाते थे पहचान
STF के महानिदेशक कुंदन कृष्णन के मुताबिक, गिरोह का कथित सरगना दुबई से विदेशी सर्वर पर होस्ट की गई वेबसाइटों का संचालन कर रहा था। इसका मकसद भारतीय जांच एजेंसियों की पहुंच से बचना था। वहीं, भारत में फैले नेटवर्क के सदस्य अलग-अलग बैंक खातों और फर्जी कंपनियों के जरिए रकम का लेनदेन करते थे।
इस मामले में 17 नवंबर को पटना साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और 44 बैंक खातों के जरिए हुए लेनदेन की पड़ताल की जा रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों, विदेशी संपर्कों और संभावित मनी लॉन्ड्रिंग की कड़ियों की जांच भी जारी है।



