श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में भारतीय सेना, सीआरपीएफ (CRPF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान में 18 नवंबर को सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के जांगलपोरा (Zangalpura) इलाके में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के मोस्ट वांटेड कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया है. लतीफ पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
वीडियो कॉल पर ठुकराया सरेंडर का मौका
मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने एक बार फिर मानवीय संवेदना और पेशेवर संयम का परिचय दिया. खुफिया इनपुट के आधार पर जब सुरक्षाबलों ने जांगलपोरा की घेराबंदी की, तो लतीफ भट एक स्थानीय मस्जिद के अंदर जा छिपा. मस्जिद की पवित्रता को बनाए रखने के लिए सुरक्षाबलों ने सीधे गोलीबारी करने के बजाय कुलगाम के एसएसपी और राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर (CO) के जरिए लतीफ से वीडियो कॉल पर संपर्क किया. अधिकारियों ने उसे समझाया कि उसकी उम्र अभी कम है और वह हथियार डालकर मुख्यधारा में लौट आए, लेकिन लतीफ ने सरेंडर करने से साफ इनकार कर दिया. उसने वीडियो कॉल पर कहा, “मैं सरेंडर नहीं करूंगा, मुझे अल्लाह से मिलना है.” इसके बाद सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले छोड़कर मस्जिद को बिना कोई नुकसान पहुंचाए उसे बाहर निकाला और मुठभेड़ में ढेर कर दिया.
कौन था लतीफ भट?
सुरक्षा एजेंसियों की जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय मोहम्मद लतीफ अहमद भट दक्षिण कश्मीर का निवासी था. वह पहले कॉलेज ड्रॉपआउट था और बढ़ई (कारपेंटर) का काम करता था, लेकिन बाद में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और उसके मुखौटा संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) से जुड़ गया. वह दक्षिण कश्मीर में ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) का नेटवर्क चलाने और स्थानीय युवाओं को आतंकवाद में भर्ती करने की साजिश रच रहा था.
इन आतंकी घटनाओं का मास्टरमाइंड रहा लतीफ भट
सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड के मुताबिक, लतीफ भट इस साल दक्षिण कश्मीर में हुई कई बड़ी आतंकी वारदातों का मुख्य सूत्रधार रहा है.
सीआरपीएफ चौकी पर हमला (11 नवंबर): महज एक हफ्ते पहले लतीफ ने अपने साथी उमर निसार डार के साथ मिलकर कुलगाम के अखरान (मीर बाजार) स्थित सीआरपीएफ पोस्ट पर अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे. (उसके साथी उमर को सुरक्षाबलों ने 16 नवंबर को एक अलग मुठभेड़ में मार गिराया था).
गैर-स्थानीय मजदूरों की हत्या (31 जुलाई): लतीफ भट कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की टारगेट किलिंग में शामिल था.
पुलिसकर्मी की हत्या (22 जुलाई): अनंतनाग जिले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की हत्या के पीछे भी लतीफ का ही हाथ था.
भारत के लिए कितनी बड़ी उपलब्धि है यह एनकाउंटर?
लतीफ भट का मारा जाना भारत की आंतरिक सुरक्षा और जम्मू-कश्मीर में शांति स्थापना के लिहाज से एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सुरक्षाबलों को बधाई देते हुए पुष्टि की कि लतीफ भट कश्मीर घाटी में लश्कर-ए-तैयबा का आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी था. गृह मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बेहतरीन तालमेल से यह बड़ी सफलता मिली है और पूरा देश जवानों को सलाम करता है. जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पिछले दो वर्षों में घाटी में आतंकवाद में स्थानीय युवाओं की भर्ती गिरकर ‘लगभग शून्य’ हो गई है. पिछले दो साल में केवल दो स्थानीय युवक (उमर निसार और लतीफ भट) लश्कर में शामिल हुए थे, और अब दोनों का सफाया हो चुका है. स्थानीय कमांडरों के खत्म होने से सीमा पार बैठे पाकिस्तानी आकाओं के पास अब घाटी में विदेशी आतंकियों को रास्ता दिखाने और स्थानीय स्तर पर रसद या पनाह देने वाला कोई बड़ा स्थानीय चेहरा नहीं बचा है.




