बिहार को 34,470 करोड़ की सौगात! जनता का सवाल मोतिहारी की चीनी मिल कब खुलेगी?

0
79

आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने सिर्फ नीतीश सेतु का उद्घाटन नहीं किया, बल्कि बिहार के लिए करीब 34,470 करोड़ रुपये की 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इनमें सड़क, बिजली, शहरी सुविधाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और परिवहन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

रिपोर्ट : संजय कुमार

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में गंगा नदी पर बने 6 लेन के ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने बिहार में करीब 34,470 करोड़ रुपये की 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, बिजली, शहरी आधारभूत ढांचे, जलापूर्ति, सीवरेज, शिक्षा, स्वास्थ्य और सार्वजनिक परिवहन से जुड़े काम शामिल हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बिहार में एनडीए सरकार के एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं और राज्य के विकास के लिए केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र किया।

पीएम मोदी ने नीतीश कुमार के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि गंगा पर बने इस आधुनिक पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखना बिहार की जनता की ओर से उनके सेवा और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि पुल बनने से पटना और वैशाली के बीच दूरी और आवागमन की परेशानी कम होगी। किसानों को अपनी फसल, फल, सब्जियां और दूध-दही बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी आसानी होगी।

बिहार को क्या-क्या सौगात मिली?

प्रधानमंत्री ने आज कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए औरंगाबाद-चोरदाहा 6 लेन हाईवे के साथ चोरमा-बैरगनिया और उमगांव-सहरसा सड़क खंडों का उद्घाटन किया गया। वहीं साहेबगंज-अरेराज-बेतिया सड़क खंड को चार लेन बनाने की परियोजना की आधारशिला रखी गई। इस पर 3,800 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।

बिजली उत्पादन और आपूर्ति के क्षेत्र में बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की दूसरी 660 मेगावाट यूनिट का उद्घाटन किया गया। पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के लिए बिजली निकासी और ट्रांसमिशन व्यवस्था की आधारशिला भी रखी गई। इस परियोजना पर करीब 3,350 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा नवादा के फुलवरिया डैम में फ्लोटिंग सोलर परियोजना और बिजली वितरण व्यवस्था से जुड़े कार्यों का भी उद्घाटन किया गया।

शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा समेत कई शहरों में जलापूर्ति और सीवरेज परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। नहरों और तटबंधों के आधुनिकीकरण तथा मरम्मत से जुड़ी परियोजनाएं भी शामिल हैं।

शिक्षा और सामाजिक आधारभूत ढांचे के तहत IIT पटना रिसर्च पार्क और हॉस्टल, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों, डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालयों तथा स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों को भी आगे बढ़ाया गया।

100 इलेक्ट्रिक बसें और 26,900 से अधिक परिवारों को पक्के मकान

शहरी परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री ने बिहार में 100 आधुनिक PM-eBus को हरी झंडी दिखाई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में इसे अहम कदम बताया गया।

पीएम ने गिनाईं बिहार में एक साल की उपलब्धियां

जनसभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार के कार्यकाल में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते हुए हैं। उन्होंने गया में छह हजार करोड़ रुपये की स्टील परियोजना पर काम शुरू होने का भी जिक्र किया।

किसानों के लिए प्रधानमंत्री ने 11 हजार नए नलकूप लगाने की पहल और सिंचाई के लिए 12 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के फैसले को अहम बताया। उन्होंने बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने के लिए नई गन्ना प्रोत्साहन नीति का जिक्र करते हुए इसमें मोतिहारी की चीनी मिल को भी शामिल बताया।

शिक्षा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने एक साल में 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेज शुरू होने और बेटियों के लिए मां सीता महिला विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की रफ्तार को आगे बढ़ाने के लिए सभी एनडीए सहयोगियों को मिलकर काम करना होगा।

तेजस्वी यादव ने उठाया नीतीश सेतु के दोबारा उद्घाटन का मुद्दा

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद विपक्ष ने विकास के दावों पर सवाल उठाए। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर कहा कि इस पुल का उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले ही कर चुके हैं और ये लंबे समय से चालू है। तेजस्वी ने दावा किया कि पुल पर पहले से ही वाहनों की आवाजाही हो रही थी। उन्होंने दोबारा उद्घाटन पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का इस परियोजना में कोई योगदान नहीं रहा और प्रधानमंत्री इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।

तेजस्वी के इन आरोपों पर सत्तारूढ़ पक्ष की ओर से अलग प्रतिक्रिया भी सामने आई है। पुल के पहले चरण के उद्घाटन और आज हुए कार्यक्रम के बीच अंतर को लेकर भी राजनीतिक बहस जारी है।

मोतिहारी की चीनी मिल का वादा कब होगा पूरा?

प्रधानमंत्री के भाषण में मोतिहारी की बंद चीनी मिल का मुद्दा भी चर्चा में रहा। पीएम मोदी ने बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करने के लिए नई गन्ना प्रोत्साहन नीति का जिक्र किया और कहा कि इसमें मोतिहारी की मिल भी शामिल है। लेकिन सवाल ये है कि मोतिहारी की चीनी मिल आखिर कब शुरू होगी?

दरअसल, 2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान नरेंद्र मोदी ने चंपारण में बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करने का वादा किया था। उस समय उन्होंने मोतिहारी आने पर वहां की चीनी से बनी चाय पीने की बात कही थी। इसके बाद भी चीनी मिल शुरू होने का इंतजार बना रहा। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी बंद चीनी मिलों को फिर से खोलने का मुद्दा उठा। विपक्ष ने इसे अधूरा वादा बताते हुए प्रधानमंत्री को घेरा था।

अब 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री ने फिर मोतिहारी की बंद चीनी मिल को शुरू करने के लिए नई नीति का उल्लेख किया है। लेकिन मिल के दोबारा संचालन की कोई निश्चित तारीख सामने नहीं आई है। ऐसे में मोतिहारी के किसानों और स्थानीय लोगों का सवाल है कि चुनावी मंचों से किए गए वादे के बाद अब और कितना इंतजार करना होगा? क्या इस बार मोतिहारी की चीनी मिल सचमुच शुरू होगी या ये वादा एक बार फिर घोषणा तक ही सीमित रह जाएगा?

बिहार में करीब 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास विकास की बड़ी तस्वीर पेश करता है, लेकिन इन परियोजनाओं का जमीन पर समयबद्ध क्रियान्वयन और पुराने वादों का पूरा होना भी उतना ही अहम होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here