लुधियाना को मिली दो नए ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ की सौगात, सीएम भगवंत मान ने किया उद्घाटन

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लुधियाना में दो नए 'स्कूल ऑफ एमिनेंस' राष्ट्र को समर्पित किए. इसके साथ ही लुधियाना में ऐसे स्कूलों की कुल संख्या बढ़कर 16 हो गई है.

0
13

पंजाब सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लुधियाना के किदवई नगर और मिलर गंज में दो अत्याधुनिक ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ जनता को समर्पित किए. इन दो नए परिसरों के शुरू होने के साथ ही अब अकेले लुधियाना जिले में स्कूल ऑफ एमिनेंस की संख्या बढ़कर 16 हो गई है, जो इसे इस मामले में राज्य का अग्रणी जिला बनाता है.

विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस हैं नए स्कूल

इन परिसरों में आधुनिक स्मार्ट कक्षाएं, उन्नत विज्ञान प्रयोगशालाएं (लैब), और बेहतरीन बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है. किदवई नगर स्थित स्कूल का निर्माण करीब 10.62 करोड़ रुपये की लागत से 8,300 वर्ग गज क्षेत्र में किया गया है, जिसमें 500 विद्यार्थियों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम भी शामिल है. वहीं, मिलर गंज स्थित स्कूल को 3.48 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं और लिफ्ट जैसी व्यवस्थाओं के साथ तैयार किया गया है.

सरकारी स्कूलों के प्रति बढ़ा अभिभावकों का भरोसा

कार्यक्रम के दौरान सीएम मान ने विद्यार्थियों के साथ काफी समय बिताया, उनकी कक्षाओं का निरीक्षण किया और बच्चों से बातचीत की. इस दौरान कई छात्रों ने अपने बनाए स्केच मुख्यमंत्री को भेंट किए. सीएम मान ने कहा कि सरकारी स्कूलों के बेहतरीन शैक्षणिक माहौल के कारण अब लोग निजी स्कूलों को छोड़कर अपने बच्चों का दाखिला इन सरकारी संस्थानों में करा रहे हैं. उन्होंने गर्व से साझा किया कि इस वर्ष सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने नीट (NEET) और 125 से अधिक छात्रों ने जेईई (JEE) मेन्स की परीक्षा पास की है.

शिक्षा के क्षेत्र में देश में पहले स्थान पर पंजाब

संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उन्होंने कार्यभार संभाला था, तब स्कूली शिक्षा के मामले में पंजाब देश में 27वें पायदान पर था, लेकिन लगातार किए गए सुधारों, शिक्षकों के आधुनिक प्रशिक्षण और स्मार्ट क्लासरूम की बदौलत आज पंजाब ने देश में पहला स्थान हासिल कर लिया है. नीति आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब ने प्राथमिक और मिडिल शिक्षा के स्तर पर कई बड़े राज्यों को पीछे छोड़ दिया है. इस अवसर पर शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here