पेपर लीक के आरोपों पर CM मान का विपक्ष पर हमला, बोले- पंजाब में सिर्फ मेरिट पर मिली नौकरियां।

0
12

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पेपर लीक के आरोपों को लेकर भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल पर निशाना साधा। मंगलवार को संसद में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य सांसदों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में मान ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक 68,855 युवाओं को बिना किसी फरमाइश या पैसे के सिर्फ मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने भाजपा पर पंजाबियों की मेहनत को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया। मान ने कहा कि राजनीतिक लड़ाई उनसे लड़ी जाए, लेकिन पंजाब के युवाओं की मेहनत और लगन को बदनाम न किया जाए।

फार्मेसी परीक्षा में चीटिंग के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद ही ब्लूटूथ वाले पेन और हेडफोन के जरिए कथित तौर पर बाहर से जवाब लेने की कोशिश का पता चल गया था। उनके मुताबिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 छात्रों और बाहर मौजूद 11 लोगों को गिरफ्तार किया। मान ने यह भी कहा कि फार्मेसी का एग्जाम शिक्षा विभाग के तहत नहीं, बल्कि स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आता है और स्वास्थ्य मंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि इस मामले में पेपर लीक नहीं हुआ था, बल्कि चीटिंग की कोशिश पकड़ी गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में भर्ती प्रक्रिया ‘नो कैश, नो फरमाइश’ और मेरिट के आधार पर चल रही है।

विपक्ष के हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए मान ने कहा कि पंजाब में उनकी सरकार को करीब साढ़े चार साल हो चुके हैं और इस दौरान पेपर लीक की कोई घटना नहीं हुई। अकाली दल के दावों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि उसका पंजाब में अब कोई प्रभाव नहीं है। भाजपा के विरोध प्रदर्शन पर भी निशाना साधते हुए मान ने कहा कि भाजपा पहले दिल्ली के जंतर-मंतर को संभाले। उन्होंने दोहराया कि पंजाब में चीटिंग और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सरकार मेरिट आधारित भर्ती प्रक्रिया पर काम कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here