पंजाब में गैंगस्टरों के सहयोगियों पर बड़ी कार्रवाई, 593 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी।

0
4

पंजाब पुलिस ने ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 189वें दिन पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 593 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान चार हथियारों समेत 366 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 203 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 6 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। 20 जनवरी 2026 को शुरू किए गए इस अभियान के तहत अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 53,891 हो गई है। यह अभियान पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से डीजीपी गौरव यादव के नेतृत्व में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के समन्वय से चलाया जा रहा है।

पंजाब पुलिस ने आम लोगों से गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। इसके लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया गया है, जिस पर गोपनीय तरीके से सूचना दी जा सकती है। वहीं, ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 514वें दिन भी पुलिस की कार्रवाई जारी रही। इस दौरान 93 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 1.5 किलोग्राम हेरोइन, 8 किलोग्राम भुक्की, 235 नशीली गोलियां और ₹14,240 की ड्रग मनी बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत पिछले 514 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या 74,887 हो गई है। इसके अलावा नशामुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने 11 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित कर इलाज के लिए सहमत किया। पंजाब पुलिस ने कहा कि गैंगस्टर और नशे से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here