वृंदावन का वो रहस्यमयी मंदिर, जहां शालिग्राम शिला से प्रकट हुए ठाकुर जी; 500 साल से नहीं बुझी रसोई की आग!

वृंदावन के श्री राधा रमण मंदिर का इतिहास और वो चमत्कार जब शालिग्राम शिला से प्रकट हुए ठाकुर जी. जानिए क्यों 500 सालों से नहीं बुझी यहां की रसोई की आग.

0
27

Vrindavan Sri Radha Raman Temple: उत्तर प्रदेश की पावन नगरी वृंदावन में चमत्कारों और रहस्यों की एक लंबी गाथा है. यहां के कण-कण में भगवान श्रीकृष्ण का वास माना जाता है. वृंदावन के ठाकुर जी के 7 सबसे सम्मानित और प्राचीन मंदिरों में से एक है—श्री राधा रमण जी का मंदिर. यह मंदिर न केवल अपनी वास्तुकला और भक्ति के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि इससे जुड़े कुछ ऐसे दिव्य रहस्य हैं, जिन्हें जानकर आधुनिक विज्ञान भी हैरान रह जाता है. आइए जानते हैं इस मंदिर के प्राकट्य की वो चमत्कारी कहानी और इसकी रसोई का 500 साल पुराना रहस्य.

नेपाल की गण्डकी नदी से वृंदावन तक का सफर

श्री राधा रमण जी का मंदिर गौड़ीय समाज के सबसे प्रमुख और प्रतिष्ठित मंदिरों में गिना जाता है. इस मंदिर की स्थापना साल 1542 ईस्वी में गोपाल भट्ट गोस्वामी जी द्वारा की गई थी. कहा जाता है कि एक बार गोपाल भट्ट गोस्वामी जी अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान नेपाल की गण्डकी नदी में स्नान कर रहे थे. जब उन्होंने सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए अंजलि में जल लिया, तो उनकी हथेली में शालिग्राम भगवान की एक अद्भुत शिला आ गई. उन्होंने उसे नदी में वापस छोड़ दिया, लेकिन बार-बार डुबकी लगाने पर हर बार वो शिला उनके हाथ में आ जाती थी. इस तरह उनके हाथ में 12 शालिग्राम शिलाएं आईं. गोपाल भट्ट गोस्वामी जी इन सभी पवित्र शिलाओं को लेकर वृंदावन आ गए और यमुना नदी के केशी घाट पर एक कुटी बनाकर उनकी सेवा-अर्चना करने लगे.

…और शालिग्राम शिला बन गई साक्षात ‘मुरलीधर श्याम’

गोपाल भट्ट गोस्वामी जी के मन में हमेशा एक इच्छा रहती थी कि काश उनके प्रभु का भी अन्य विग्रहों की तरह आकार होता, ताकि वह उन्हें सुंदर वस्त्र पहना पाते, आभूषणों से सजाते और झूले में झुला पाते. एक बार वृंदावन की यात्रा पर आए एक सेठ जी ने गोस्वामी जी को विग्रहों के लिए अत्यंत कीमती वस्त्र और आभूषण भेंट किए। गोल शालिग्राम शिला को देखकर गोस्वामी जी भावुक हो गए और सोचने लगे कि इन्हें ये वस्त्र कैसे पहनाऊं? इसी व्याकुलता में उनकी पूरी रात रोते हुए बीत गई. अगले दिन सुबह यानी 1599 विक्रम संवत, वैशाख शुक्ल पूर्णिमा के शुभ दिन जब गोस्वामी जी की आंख खुली, तो वह स्तब्ध रह गए. उन्होंने देखा कि शालिग्राम शिला साक्षात 12 अंगुल के त्रिभंग ललित मुद्रा में बांसुरी बजाते हुए मुरलीधर श्याम के रूप में बदल चुकी थी. इसके बाद पूरे गौड़ीय समाज को बुलाकर राधा रमण जी का प्राकट्य उत्सव मनाया गया.

500 सालों से लगातार जल रही है मंदिर की रसोई में आग!

इस प्राचीन मंदिर का सबसे बड़ा रहस्य इसकी रसोई (पाकशाला) से जुड़ा है. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार मंदिर के रसोईघर में पिछले 500 से ज्यादा सालों से लगातार आग जल रही है. यह वही पवित्र अग्नि है, जिसे साल 1542 में मंदिर के निर्माण और स्थापना के समय प्रज्वलित किया गया था. तब से लेकर आज तक यह आग एक पल के लिए भी नहीं बुझी है. ठाकुर जी को लगाया जाने वाला विशेष भोग आज भी इसी प्राचीन और अनवरत जल रही आग पर ही पकाया जाता है.

एकमात्र विग्रह, जिसने कभी नहीं छोड़ा वृंदावन

मुगल काल के दौरान जब वृंदावन के मंदिरों पर संकट आया, तो सुरक्षा के लिहाज से यहां के अन्य प्रसिद्ध विग्रह (जैसे श्री गोविंद देव जी, श्री मदनमोहन जी और श्री गोपीनाथ जी) वृंदावन छोड़कर जयपुर और अन्य सुरक्षित स्थानों पर ले जाए गए. लेकिन श्री राधा रमण जी एकमात्र ऐसे ठाकुर जी थे, जिन्होंने कभी भी वृंदावन धाम नहीं छोड़ा और साल 1542 से आज तक वो इसी पावन भूमि पर विराजमान हैं.

एक दर्शन में तीन ठाकुर जी का पुण्य

राधा रमण जी का विग्रह आकार में भले ही केवल 12 अंगुल का हो, लेकिन इनका दर्शन अलौकिक है. इनके बारे में एक बेहद दिलचस्प बात यह कही जाती है कि इनका यह स्वरूप तीन अन्य प्रमुख विग्रहों से मिलकर बना है:

  • मुखारविंद (चेहरा): श्री गोविंद देव जी की तरह है।
  • वक्ष स्थल (छाती): श्री गोपीनाथ जी की तरह है।
  • चरण कमल: श्री मदनमोहन जी की तरह हैं. यही कारण है कि मान्यता के अनुसार, यदि कोई श्रद्धालु केवल श्री राधा रमण जी के दर्शन कर लेता है, तो उसे एक साथ वृंदावन के इन तीनों स्वरूपों के दर्शन का पूर्ण पुण्य प्राप्त हो जाता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here