शेनझेन में ट्रंप-जिनपिंग-पुतिन की ऐतिहासिक मुलाकात, क्या परमाणु हथियारों पर बनेगी बात?

0
115
शेनझेन में ट्रंप-जिनपिंग

दुनिया की तीन बड़ी परमाणु शक्तियों के नेता एक मंच पर आने जा रहे हैं। चीन के शेनझेन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की पहली त्रिपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। 19 नवंबर को होने वाली इस मुलाकात में परमाणु हथियारों में कटौती, ईरान युद्ध, यूक्रेन संकट, व्यापार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इस बैठक की तुलना 1945 के याल्टा सम्मेलन से की जा रही है, जहां बड़ी शक्तियों ने युद्ध के बाद की वैश्विक व्यवस्था तय की थी।

सवाल है- क्या शेनझेन में भी दुनिया की नई भू-राजनीतिक तस्वीर बनेगी या ये मुलाकात सिर्फ कूटनीतिक शक्ति प्रदर्शन बनकर रह जाएगी?

मनीला में शी और पुतिन की पिछली मुलाकात के बारे में चीनी मीडिया के मुताबिक चीनी नेता ने बीजिंग और मास्को के बीच के संबंधों को “पहाड़ की तरह स्थिर, जिसे तूफ़ान भी न हिला सके” बताया।
चीन की समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, शी ने कहा कि दोनों देशों के बीच के रिश्तों ने “उथल-पुथल और हलचल से भरी दुनिया को अधिक स्थिरता और निश्चितता प्रदान की है”।
शी ने दोनों देशों से आपसी सहयोग को मजबूत करने और साथ मिलकर काम करने के नए क्षेत्रों की तलाश करने का भी आग्रह किया। APEC समिट के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच जिन मुद्दों पर बात होने की संभावना जताई जा रही है। उसमें सबसे महत्वपूण है परमाणु हथियारों पर आम सहमति बनाना।

अमेरिका-चीन के बीच व्यापार तनाव- ट्रंप प्रशासन की ओर से लगाए गए टैरिफ ने वैश्विक व्यापार व्यवस्था को प्रभावित किया है। जवाब में चीन ने रेयर अर्थ जैसे अहम खनिजों के निर्यात पर सख्ती की है। दोनों देशों के बीच व्यापार युद्द को लेकर बनी अस्थायी सहमति जनवरी में समाप्त होने वाली है। ऐसे में इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच सहमति क्या बनती है इस पर पूरी दुनिया की नज़र रहेगी।

AI और सेमीकंडक्टर की जंग- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एडवांस्ड चिप्स अमेरिका-चीन प्रतिस्पर्धा के केंद्र में हैं। चीन को चिप्स की कथित अवैध सप्लाई और Nvidia से जुड़े हाल के विवाद ने इस मुद्दे को और रोचक बना दिया है। अमेरिका इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला मानता है। अमेरिका में एक हफ्ते के भीतर तकनीकी गड़बड़ियों ने पूरे सिस्टम की चिंता बढ़ा दी है। बैंकिंग सेवाओं से लेकर एयरलाइंस, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और माइक्रोसॉफ्ट के ई-मेल प्लेटफॉर्म तक प्रभावित हुए हैं। जेपी मॉर्गन चेस और वेल्स फार्गो के ग्राहकों को बैंकिंग ट्रांजैक्शन में दिक्कत आई, वहीं यूनाइटेड एयरलाइंस की उड़ानों में देरी हुई। FAA के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में खराबी के चलते करीब 10 हजार उड़ानें प्रभावित हुईं। माइक्रोसॉफ्ट के आउटलुक, टीम्स और कोपायलट की सेवाएं भी 70 से ज्यादा देशों में बाधित रहीं। लगातार हो रही इन घटनाओं के बीच साइबर अटैक की आशंका भी उठ रही है, ऐसे में अमेरिका अपने हितों को देख कर चीन से सौदा करने में नहीं कतराएगा।

परमाणु हथियारों में कटौती- ट्रंप ने संकेत दिया है कि पुतिन और जिनपिंग के साथ बातचीत में परमाणु हथियारों में कटौती का मुद्दा भी शामिल होगा। हालांकि चीन लंबे समय से परमाणु हथियारों में कमी करने को लेकर अपने विचार रख चुका है और किसी भी कीमत पर अपनी सुरक्षा से समझौता करने के मूड में नहीं है। उसका तर्क है कि अमेरिका और रूस के मुकाबले उसके परमाणु हथियारों का जखीरा काफी छोटा है।

यूक्रेन युद्ध पर क्या बनेगी बात? – यूक्रेन युद्ध भी वैश्विक एजेंडे का अहम हिस्सा है। हालांकि विशेषज्ञों को इस बैठक से किसी बड़े समझौते की उम्मीद कम है। अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से ये भी कहा गया है कि ट्रंप इस मुद्दे को पुतिन और जिनपिंग के सामने उठाने की संभावना कम रखते हैं।

ईरान युद्ध पर भी नजर- ट्रंप ने त्रिपक्षीय बैठक में ईरान युद्ध का मुद्दा उठाने के संकेत दिए हैं। रूस और चीन ईरान के औपचारिक सैन्य सहयोगी नहीं हैं, लेकिन दोनों देशों के इस्लामिक रिपब्लिक के साथ रणनीतिक संबंध हैं। ऐसे में इस मुद्दे पर तीनों नेताओं के रुख पर भी दुनिया की नजर रहेगी।

APEC समिट के दौरान होने वाली ये बैठक केवल तीन नेताओं की मुलाकात नहीं, बल्कि व्यापार, तकनीक, सुरक्षा और युद्ध जैसे मुद्दों पर वैश्विक शक्तियों के रुख को समझने का अहम अवसर होगी। हालांकि किसी बड़े समझौते या ठोस नतीजे की उम्मीद करना अभी जल्दबाजी होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here