World Legends Pro T20 League: गोवा की खूबसूरत लहरों और मस्ती भरे माहौल के बीच अब क्रिकेट का ‘तूफान’ आने वाला है। कल यानी 26 जनवरी की शाम से ‘वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो T20 लीग’ (WLPT20L) का भव्य आगाज़ होने जा रहा है। वर्ना स्थित 1919 स्पोर्ट्स क्रिकेट स्टेडियम में अगले 10 दिनों तक दुनिया भर के 90 दिग्गज क्रिकेटर मैदान पर अपना जलवा बिखेरेंगे।
ओपनिंग मैच: ‘टर्बनेटर’ बनाम ‘गब्बर’
लीग का पहला ही मुकाबला किसी ब्लॉकबस्टर फिल्म से कम नहीं होने वाला। टूर्नामेंट के पहले मैच में भारत के दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह की कप्तानी वाली दिल्ली वॉरियर्स का सामना होगा ‘गब्बर’ यानी शिखर धवन की दुबई रॉयल्स से। यह मैच कल शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जहाँ फैंस को पुराने दिनों वाली प्रतिद्वंद्विता फिर से देखने को मिलेगी।
स्पोर्ट्स टूरिज्म का नया गंतव्य बना गोवा
गोवा टूरिज्म इस लीग का ‘प्रेजेंटिंग स्पॉन्सर’ है। गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन ए. खौंटे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “गोवा अब केवल अपनी सुंदरता के लिए नहीं, बल्कि वैश्विक खेलों के लिए भी पहचाना जाएगा। जब आइकोनिक खिलाड़ी यहाँ उतरते हैं, तो पूरी दुनिया का ध्यान गोवा की ओर खिंचता है। यह हमारे स्पोर्ट्स टूरिज्म के लिए एक बड़ा कदम है।”
महेश भूपति का बड़ा विजन
एसजी स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट के सीईओ और टेनिस दिग्गज महेश भूपति ने बताया कि गोवा में फुटबॉल के प्रति दीवानगी जगजाहिर है, लेकिन क्रिकेट भारत की धड़कन है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल एक टूर्नामेंट कराना नहीं, बल्कि अगले एक दशक तक गोवा में इस लीग की विरासत को खड़ा करना है।”
फैंस के लिए जरूरी जानकारी (मैच डिटेल्स):
- पहला मैच: दिल्ली वॉरियर्स बनाम दुबई रॉयल्स
- तारीख और समय: 26 जनवरी 2026, शाम 7:30 बजे
- मैदान: 1919 स्पोर्ट्स क्रिकेट स्टेडियम, वर्ना (गोवा)
- टिकट: बुकमायशो (BookMyShow) पर उपलब्ध
- यहाँ देखें लाइव: डीडी स्पोर्ट्स, सोनी लिव (Sony LIV), फैनकोड और यूट्यूब पर सीधा प्रसारण।




