
IPL 2027 Trade: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ा खिलाड़ी ट्रेड होने की खबर है। इस ट्रेड के तहत मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स का हिस्सा बनेंगे, जबकि पंजाब के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस की टीम में शामिल होंगे। दोनों खिलाड़ियों की फ्रेंचाइजी बदलने के साथ ही आईपीएल 2027 के लिए दोनों टीमों की रणनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
18 करोड़ रुपये में हुआ हार्दिक-अर्शदीप का ट्रेड
इस ट्रेड में हार्दिक पंड्या को पंजाब किंग्स 18 करोड़ रुपये की फीस देगी। इससे पहले मुंबई इंडियंस में उनकी मौजूदा फीस 16.35 करोड़ रुपये थी। वहीं, अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में अपनी मौजूदा 18 करोड़ रुपये की फीस पर ही खेलेंगे। इस तरह दोनों फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है।
मुंबई इंडियंस के साथ हार्दिक का दूसरा कार्यकाल खत्म
हार्दिक पंड्या ने साल 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। वह मुंबई की ओर से 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। मुंबई के साथ सात सीजन बिताने के बाद हार्दिक 2022 में गुजरात टाइटन्स से जुड़ गए थे। गुजरात टाइटन्स की कप्तानी संभालते हुए हार्दिक ने पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बनाया। इसके बाद 2023 में भी गुजरात की टीम फाइनल तक पहुंची। साल 2024 में हार्दिक की मुंबई इंडियंस में वापसी हुई और उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई। अब आईपीएल 2027 से पहले वह पंजाब किंग्स की जर्सी में नजर आ सकते हैं।
हार्दिक के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 162 मुकाबलों में 2955 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 146.28 रहा है, जबकि गेंदबाजी में उन्होंने 82 विकेट अपने नाम किए हैं।
अर्शदीप सिंह की मुंबई इंडियंस में एंट्री
दूसरी ओर, अर्शदीप सिंह आठ सीजन तक पंजाब किंग्स का हिस्सा रहने के बाद मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे। उन्होंने 2019 में पंजाब की ओर से आईपीएल डेब्यू किया था। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप ने अपनी स्विंग और डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी से खास पहचान बनाई है।
अर्शदीप ने आईपीएल में 96 मैच खेलते हुए 111 विकेट हासिल किए हैं। वह पंजाब किंग्स के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। आईपीएल 2025 में उन्होंने 21 विकेट लिए थे, जबकि 2026 के सीजन में उनके खाते में 14 विकेट आए।
अर्शदीप की नई गेंद से विकेट निकालने और डेथ ओवरों में सटीक गेंदबाजी करने की क्षमता मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती दे सकती है।
IPL 2027 में दोनों टीमों की बदलेगी तस्वीर
हार्दिक पंड्या जैसे अनुभवी ऑलराउंडर और कप्तानी का अनुभव रखने वाले खिलाड़ी के पंजाब किंग्स से जुड़ने से टीम को नई ताकत मिल सकती है। वहीं, अर्शदीप सिंह के आने से मुंबई इंडियंस का तेज गेंदबाजी विभाग मजबूत होने की उम्मीद है।
आईपीएल 2027 से पहले हुए इस बड़े ट्रेड पर अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रहेंगी। दोनों खिलाड़ियों की नई टीमों में भूमिका और प्रदर्शन आगामी सीजन में काफी अहम रहने वाला है।



