नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने 100% एथेनॉल (E100) से चलने वाले वाहनों के ईंधन की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है. एथेनॉल सप्लाई ईयर 2025-26 से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने मीडिया रिपोर्टों के हवाले से यह सवाल उठाया. अदालत के प्रश्न पर अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी ने स्पष्ट किया कि 100% एथेनॉल की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए मैन्युफैक्चरिंग और वितरण व्यवस्था में व्यापक स्तर पर फेरबदल करने होंगे.
नीति और नियमों में हालिया घटनाक्रम
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर वाहन नियम 1989 में संशोधन का नोटिफिकेशन जारी कर 26 अक्टूबर को E100 फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को स्वीकृति दी. इससे उत्सर्जन मापदंडों में E85 के साथ E100 का प्रावधान भी जुड़ गया है. 27 अक्टूबर को केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा था कि फिलहाल पेट्रोल में 20% से अधिक एथेनॉल मिलाने की तुरंत कोई योजना नहीं है.
‘किसानों का सशक्तिकरण और पर्यावरण प्राथमिकता हो’
पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि इस नीति के दूरगामी प्रभाव को पर्यावरण, जनहित और देश के ग्रामीण किसानों के विकास के नजरिए से देखा जाना चाहिए। अदालत ने जोर देकर कहा कि गांवों में रहने वाली बड़ी आबादी यानी किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की आवश्यकता है. इस पर वकीलों ने कोर्ट को अवगत कराया कि एथेनॉल नीति में कृषि क्षेत्र और किसानों के हितों को ध्यान में रखा गया है. मामले की अगली सुनवाई अगले माह निर्धारित की गई है.
क्या हैं फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियां?
सामान्य पेट्रोल वाहनों के विपरीत, फ्लेक्स-फ्यूल वाहन उच्च एथेनॉल मिश्रण जैसे E85—जिसमें 85% एथेनॉल और 15% पेट्रोल होता है, तथा E100—जो लगभग शुद्ध एथेनॉल होता है, जिसका उपयोग करने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए जाते हैं.
ESY 2025-26 विवाद का मामला
यह मामला उस याचिका से भी जुड़ा है जहां सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा था. हाईकोर्ट ने तेल कंपनियों (BPCL, HPCL, IOCL) को उन समर्पित एथेनॉल संयंत्रों के आवंटन पर विचार करने का निर्देश दिया था, जो सरकारी नीति के तहत स्थापित हुए हैं और दीर्घकालिक अनुबंधों के आधार पर तेल कंपनियों को आपूर्ति करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.




