
किशनगंज, बिहार | 9 नवंबर 2025 | राष्ट्र टीवी
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान महागठबंधन के समर्थन में रविवार को किशनगंज में आयोजित रैली में राहुल गांधी ने NDA और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने कहा कि NDA ने हरियाणा, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में वोट चोरी कर सरकार बनाई है और बिहार में भी वही करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने अपने भाषण में मोदी और चीफ इलेक्शन कमिश्नर पर वोट चोरी के आरोप लगाए।
उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा —
“मोदी जी ने कभी यह नहीं कहा कि राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं। हमने जो आरोप लगाए हैं, वह पूरी तरह सही हैं। बीजेपी के नेता कई राज्यों में दो-2 वोट दे रहे हैं। मोदी और अमित शाह चुनाव नहीं जीतते, वोट चोरी कर जीतते हैं।”
राहुल गांधी ने लोगों से पूछा कि उनका मूड कैसा है और कहा कि
“हिंदुस्तान में अब दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक तरफ RSS है जो जाति, भाषा और लिंग के आधार पर बांटना चाहता है,
और दूसरी तरफ कांग्रेस एवं महागठबंधन है जो देश को जोड़ना चाहता है। हमने 4,000 किलोमीटर यात्रा की, नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने के लिए।”
उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी में उनकी सोच में नफरत है और वह देश को बांटना चाहते हैं,
जबकि उनके खून में मोहब्बत है। उन्होंने जनता को डराने और ध्यान भटकाने की राजनीति की आलोचना की।
राहुल गांधी ने बिहार के युवाओं के रोजगार, शिक्षा और विश्वविद्यालयों के मुद्दों पर भी सवाल उठाए:
- देश के युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिल रहा है?
- बिना शिक्षा कॉलेज के कैसे भविष्य बनेगा?
- बिहार में विश्वविद्यालय बेची जा रही हैं या बंद की जा रही हैं?
उन्होंने कहा कि बिहार का युवा मजबूरी में दूसरे प्रदेशों में मजदूरी करने को मजबूर है और यह स्थिति तत्काल सुधार की मांग करती है।



