
जोहान्सबर्ग में चल रहे G20 शिखर सम्मेलन का दूसरा दिन काफी खास रहा, खासकर तब जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भीड़भाड़ वाले हॉल से गुजरते हुए सीधे भारतीय प्रतिनिधिमंडल की ओर आए। जैसे ही पीएम नरेंद्र मोदी सामने दिखे, मैक्रों के चेहरे पर मुस्कान और बढ़ गई। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और साथ खड़े होकर तस्वीरें भी खिंचवाईं।
इस मुलाकात में सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि दोनों देशों के बीच गहरी दोस्ती साफ झलकती दिखी। बातचीत के दौरान मैक्रों ने भारत–फ्रांस संबंधों की खुलकर तारीफ की और कहा कि जब दो देश मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो उनका प्रभाव और भी मजबूत होता है। मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा— “धन्यवाद मेरे दोस्त नरेंद्र मोदी… हमारे देशों की मित्रता अमर रहे।”
पीएम मोदी ने भी इस मुलाकात की अहमियत जताई और विशेष बात यह रही कि उन्होंने फ्रेंच भाषा में पोस्ट किया। मोदी ने लिखा कि मैक्रों से मिलकर बहुत खुशी हुई और दोनों देशों की साझेदारी वैश्विक हित में एक महत्वपूर्ण ताकत बनी रहेगी। उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही।
G20 समिट के दौरान पीएम मोदी ने कई अन्य विश्व नेताओं से भी मुलाकात की, जिनमें ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर, मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम, साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस शामिल रहे। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने ग्लोबल डेवलपमेंट स्टैंडर्ड्स पर फिर से गंभीरता से विचार करने की जरूरत पर जोर दिया।




