NCP के दोनों गुटों के विलय की चर्चा तेज, BJP को क्या होगा सियासी फायदा?

0
94

रिपोर्ट: सौमित मोहन

महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के एक साथ आने की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। NCP (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार और अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल की मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुई मुलाकात ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। हालांकि प्रफुल्ल पटेल ने इस मुलाकात को स्वास्थ्य का हालचाल जानने के लिए हुई व्यक्तिगत मुलाकात बताया और कहा कि उनके बीच राजनीतिक मतभेद जरूर हैं, लेकिन व्यक्तिगत संबंधों में कोई कड़वाहट नहीं है।

इस मुलाकात से पहले NCP के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस बैठक में प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, छगन भुजबल, दिलीप वळसे पाटिल और अन्य नेता शामिल हुए थे। बैठक में पार्टी के भविष्य और महाराष्ट्र में महायुति के साथ बेहतर तालमेल जैसे मुद्दों पर चर्चा की खबरें सामने आईं। खास बात ये रही कि इस बैठक में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और NCP प्रमुख सुनेत्रा पवार तथा उनके बेटे पार्थ पवार शामिल नहीं थे। इससे पार्टी के भीतर नेतृत्व और भविष्य की रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हुईं।

अस्पताल में मुलाकात के दौरान शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल के बीच 10 नवंबर के बाद चर्चा करने की बात सामने आई है। दोनों गुटों के नेताओं की ओर से विलय की खबरों को लेकर अलग-अलग स्तर पर इनकार भी किया जा चुका है। शरद पवार पहले ही कह चुके हैं कि उनकी पार्टी किसी अन्य पार्टी में विलय नहीं करेगी। ऐसे में फिलहाल विलय होने को लेकर तस्वीर साफ़ नहीं है।

NCP के विलय से BJP को क्या फायदा हो सकता है?

महाराष्ट्र में मराठा वोट बैंक को मजबूती: शरद पवार का महाराष्ट्र की राजनीति, खासकर मराठा समुदाय और ग्रामीण इलाकों में प्रभाव है। वहीं, अजित पवार गुट के पास संगठनात्मक ढांचा और विधायक हैं। दोनों गुट एक साथ आते हैं और NDA के साथ रहते हैं तो BJP को महाराष्ट्र में अपने गठबंधन का सामाजिक और राजनीतिक आधार मजबूत करने में मदद मिल सकती है। जिससे वोट किसी ओर पार्टी को जाने से रोका जा सकता है।

INDIA गठबंधन को झटका: शरद पवार की पार्टी विपक्षी INDIA गठबंधन का हिस्सा है। यदि NCP (SP) का NDA के साथ राजनीतिक तालमेल बनता है, तो विपक्षी एकता को झटका लग सकता है। महाराष्ट्र में कांग्रेस, शिवसेना (UBT) और NCP (SP) के बीच संभावित चुनावी तालमेल भी प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा सुप्रिया सुले इंडिया गठबंधन का अहम चेहरा है, ऐसे में विपक्षी एकता को ये तगड़ा झटका होगा।

महायुति में सीटों का समीकरण आसान: दोनों गुटों के अलग-अलग रहने से सीटों के बंटवारे और स्थानीय स्तर पर राजनीतिक प्रतिस्पर्धा की स्थिति बनी हुई है। एकजुट NCP के NDA में रहने से BJP को चुनावी रणनीति और सीट शेयरिंग में एक ही सहयोगी के साथ बातचीत करने का विकल्प मिलेगा।

लोकसभा में NDA की ताकत बढ़ाने का मौका: यदि शरद पवार गुट भी NDA के साथ आता है तो केंद्र में सरकार को अतिरिक्त राजनीतिक समर्थन मिल सकता है। खासकर संविधान संशोधन जैसे महत्वपूर्ण विधायी प्रस्तावों पर संख्या जुटाने की BJP की कोशिशों को इससे मदद मिल सकती है। शरद पवार की पार्टी के 8 सांसद और एनसीपी के एक सांसद को मिला दें तो कुल 9 सीटें बीजेपी यानि एनडीए के खाते में आ जाएगी।

BJP के लिए मराठा नेतृत्व का मजबूत सहयोगी: शरद पवार और अजित पवार गुटों का राजनीतिक अनुभव और क्षेत्रीय प्रभाव एक साथ आने पर BJP को महाराष्ट्र में एक मजबूत सहयोगी मिल सकता है। इससे राज्य की राजनीति में विपक्ष के लिए मुकाबले का समीकरण बदल सकता है।

विलय की राह आसान नहीं

दोनों गुटों के एक होने की राह में सबसे बड़ी चुनौती नेतृत्व और सत्ता में हिस्सेदारी का सवाल है। एक पार्टी का अध्यक्ष कौन होगा? सुनेत्रा पवार और सुप्रिया सुले की क्या भूमिका होगी? प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और छगन भुजबल जैसे वरिष्ठ नेताओं को कितनी जिम्मेदारी मिलेगी? इन सवालों पर सहमति बनाना आसान नहीं होगा। वो भी जब सुनेत्रा और पार्थ पवार इश विलय के ख़िलाफ़ हैं।

इसलिए फिलहाल NCP के विलय को लेकर चर्चाएं जरूर तेज हैं, लेकिन अंतिम फैसला कई राजनीतिक और संगठनात्मक समीकरणों पर निर्भर करेगा। BJP के लिए ये महाराष्ट्र में गठबंधन मजबूत करने और विपक्षी एकता को प्रभावित करने का अवसर हो सकता है, लेकिन इसके लिए दोनों गुटों की सहमति और सत्ता-साझेदारी पर समझौता जरूरी होगा। अब सबकी निगाहें 10 नवंबर पर टिकी रहेगी जब शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की मुलाक़ात हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here