T20 World Cup 2026: कहते हैं कि ‘दाने-दाने पर लिखा है खाने वाले का नाम’, लेकिन कल वानखेड़े में जो हुआ उसे देखकर तो यही लगता है कि ‘विकेट-विकेट पर लिखा है लेने वाले का नाम!’ आज हम बात कर रहे हैं हमारे अपने मोहम्मद सिराज यानी ‘मियां भाई’ की। जिसकी किस्मत 24 घंटे के अंदर ऐसी पलटी कि कल तक जो घर पर बैठकर फुटबॉल मैच देखने की प्लानिंग कर रहे थे, वो आज टीम इंडिया को वर्ल्ड कप मैच जिता रहे हैं। आइए, सिराज के उस इमोशनल सफर को करीब से देखते हैं जिसने कल हर क्रिकेट फैन को भावुक कर दिया।
वो एक फोन कॉल और रातों-रात बदल गई दुनिया
जरा सोचिए, आप एक साल से टीम इंडिया की T20 टीम से बाहर हैं। आपको पता है कि आप वर्ल्ड कप की टीम में नहीं हैं, आप अपने परिवार के साथ घर पर सुकून से बैठे छुट्टियां प्लान कर रहे हैं। तभी अचानक फोन बजता है और स्क्रीन पर नाम आता है— सूर्यकुमार यादव!
सिराज ने खुद बताया कि जब सूर्या भाई का फोन आया और उन्होंने कहा, “मियां, तैयार हो जाओ, बैग पैक करो और मुंबई आ जाओ”, तो उन्हें लगा कि सूर्या मजाक कर रहे हैं। सिराज ने कहा— “भाई, मजाक मत करो!” लेकिन सूर्या गंभीर थे। हर्षित राणा चोटिल हुए और बुमराह भी अचानक अनफिट हो गए… बस, यहीं से ऊपर वाले ने सिराज के लिए वर्ल्ड कप का रास्ता खोल दिया।
घर के सोफे से वानखेड़े की पिच तक का सफर
सिराज की बातें दिल को छू लेने वाली हैं। उन्होंने कहा कि जब वो फ्लाइट में बैठे थे, तब भी उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि वो वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं। 24 घंटे पहले वो रमजान की तैयारी और फुटबॉल मैच देखने की प्लानिंग कर रहे थे, और 24 घंटे बाद वो वानखेड़े के हज़ारों दर्शकों के सामने देश के लिए जान लगा रहे थे।
मैदान पर उतरते ही सिराज ने ऐसी आग उगली कि USA की टीम घुटनों पर आ गई। उन्होंने 3 विकेट झटके और टीम इंडिया को वो शुरुआत दी जिसकी उस वक्त सबसे ज्यादा जरूरत थी।
मियां भाई का ‘रणजी वाला तड़का’
सब हैरान थे कि बिना किसी प्रैक्टिस के सिराज ने इतनी सटीक गेंदबाजी कैसे की? इस पर सिराज ने बड़ी सादगी से जवाब दिया— “मैंने बस वही किया जो मैं रणजी ट्रॉफी में कर रहा था।” सिराज ने मैच को बाहर बैठकर ही भांप लिया था। जब भारत बैटिंग कर रहा था, तभी उन्होंने देख लिया था कि नई गेंद रुक कर आ रही है।
उन्होंने रातों-रात अमेरिका के बल्लेबाजों के वीडियो देखे, प्लान बनाया और मैदान पर उसे उतार दिया। इसे कहते हैं एक प्रोफेशनल खिलाड़ी का असली जज्बा!
रोनाल्डो के फैन और ऊपर वाले पर अटूट यकीन
सिराज ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक और मज़ेदार बात बताई। उनके फोन पर आज भी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वॉलपेपर लगा है। सिराज 15 तारीख को रियल मैड्रिड का मैच देखने वाले थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। सिराज ने भावुक होकर कहा— “जो ऊपर वाले ने लिखा है, उसे कोई नहीं बदल सकता।” वाकई, ये सिर्फ क्रिकेट नहीं है, ये एक इंसान के यकीन और उसकी मेहनत की शानदार जीत है।




