नई दिल्ली: भारतीय राजनीति में इन दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच जुबानी जंग अपने चरम पर है. राहुल गांधी की ओर से लगातार मिल रही लाइव डिबेट की चुनौती पर अब भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार ने बेहद आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया और उन्हें राजनीति की मर्यादा सिखाते हुए 7 नसीहतें दे डाली हैं.किरेन रिजिजू ने तंज कसते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करें और इन पर अमल करें, तो देश की संसद में कांग्रेस पार्टी की सीटों की संख्या में उल्लेखनीय इजाफा हो सकता है.रिजिजू की राहुल गांधी को वो 7 नसीहतें, जो सियासी गलियारों में चर्चा का विषय हैं:
राहुल गांधी को बीजेपी को अपना दुश्मन मानने के बजाय सिर्फ एक राजनीतिक प्रतिद्वंदी के रूप में देखना चाहिए.
उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रति अपने मन में भरी नफरत को पूरी तरह छोड़ देना चाहिए.
देश की सबसे बड़ी पंचायत यानी संसद की कार्यवाही में उन्हें गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ हिस्सा लेना चाहिए.
संवैधानिक पदों और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर निराधार सवाल उठाना बंद करें.
जब सदन में किसी महत्वपूर्ण विषय पर बहस हो रही हो, तो वॉकआउट करने के बजाय अपनी बात तर्कों के साथ रखें.
बिना किसी पुख्ता सबूत के देश के प्रधानमंत्री और सरकार पर आरोप लगाने की आदत बदलें.
केवल विरोध के लिए विरोध करने के बजाय देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक सुझाव दें. किरेन रिजिजू ने अपने इस पोस्ट के साथ संसद के भीतर का एक पुराना वीडियो भी साझा किया. इस वीडियो में जब रिजिजू सदन में भाषण दे रहे होते हैं, तब कांग्रेस सहित विपक्ष के तमाम सांसद वॉकआउट करते यानी सदन छोड़कर बाहर जाते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो के साथ केंद्रीय मंत्री ने लिखा—अजीब विडंबना है कि जो लोग खुद कभी लोकतंत्र और खुली चर्चा पर विश्वास नहीं करते, वे आज देश के सामने बड़ी-बड़ी बहसों की दुहाई दे रहे हैं.
तीन दिन में चार बार ललकार: क्या है राहुल गांधी का ‘चैलेंज’?
दरअसल, यह पूरा विवाद राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमने-सामने की लाइव बहस के लिए दी जा रही लगातार चुनौतियों के बाद गरमाया है. राहुल गांधी पिछले तीन दिनों के भीतर चार बार पीएम मोदी को खुले मंच पर बहस करने की चुनौती दे चुके हैं. राहुल गांधी ने सबसे पहले अपने आधिकारिक X हैंडल से पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी को लाइव डिबेट के लिए खुली चुनौती दी. राहुल ने एक वीडियो संदेश जारी कर तंज कसा कि उनके चैलेंज को 24 घंटे से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, लेकिन प्रधानमंत्री कार्यालय या मोदी जी की तरफ से कोई जवाब नहीं आया. राहुल ने सोशल मीडिया पर एक पब्लिक पोल (मतदान) कराया और देश के युवाओं से पूछा कि क्या वे राहुल गांधी और नरेंद्र मोदी के बीच सीधे मंच पर आमने-सामने की बहस देखना चाहते हैं? पंजाब के संगरूर में आयोजित कांग्रेस की इंसाफ रैली के मंच से राहुल गांधी ने एक बार फिर दहाड़ते हुए कहा कि वे महज 5 मिनट की खुली बहस में यह साबित कर देंगे कि पीएम मोदी स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर रहे हैं, बल्कि उन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नियंत्रण है.
इन 4 बड़े मुद्दों पर बहस चाहते हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी का आरोप है कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी अक्सर विपक्ष पर देश विरोधी होने या विदेशी ताकतों के साथ साठगांठ करने के झूठे आरोप लगाते हैं. इसलिए, अब दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए. राहुल ने बहस के लिए मुख्य रूप से चार विषय तय किए हैं.
- भारत-अमेरिका व्यापार समझौता (Trade Deal) और इसके देश पर प्रभाव.
- देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति और रोजगार के आंकड़े.
- उद्योगपति गौतम अडाणी से जुड़े मामले.
- जेफ्री एपस्टीन विवाद से जुड़े अंतरराष्ट्रीय पहलू.
राहुल गांधी ने यहां तक कह दिया कि प्रधानमंत्री बहस के लिए अपनी मर्जी की जगह, अपनी पसंद के जज और अपनी पसंद का मीडिया एंकर चुन सकते हैं, बस देश के युवाओं को वहां मौजूद रहने की अनुमति दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में जब भी वे जनता की आवाज उठाने की कोशिश करते हैं, तो सरकार उनका माइक बंद करवा देती है.
‘राहुल बांग्लादेश चले जाएं’
इस पूरे विवाद में सबसे तीखी प्रतिक्रिया केरलम बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर की तरफ से आई है. चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक बेहद आक्रामक पोस्ट लिखी. उन्होंने राहुल गांधी पर देश के भीतर अस्थिरता और अराजकता का माहौल पैदा करने का गंभीर आरोप लगाया.राजीव चंद्रशेखर ने लिखा—अगर राहुल गांधी को अराजकता फैलाने और देश के माहौल को खराब करने का इतना ही शौक है, तो उन्हें भारत छोड़कर बांग्लादेश चले जाना चाहिए और वहीं जाकर अपनी राजनीति करनी चाहिए. वे चाहें तो अपने साथ ‘जमात-ए-इस्लामी’ को भी ले जा सकते हैं, जो लगातार उनका समर्थन करती आई है. भारत को अस्थिर करने की उनकी यह कोशिश कभी कामयाब नहीं होगी.बीजेपी के इस तीखे पलटवार के बाद अब गेंद एक बार फिर कांग्रेस के पाले में है. राजनीतिक पंडितों का मानना है कि संसद के आगामी सत्र से पहले यह जुबानी जंग सदन के भीतर भी एक बड़े सियासी ड्रामे में तब्दील हो सकती है.




