Khelo India Winter Games 2026: चंडीगढ़ ने लद्दाख का दिल तोड़ा, अब ‘आर्मी’ से होगा खिताबी मुकाबला; लद्दाख की बेटियों ने भी रचा इतिहास

0
88
Khelo India Winter Games 2026
Khelo India Winter Games 2026

Khelo India Winter Games 2026: लद्दाख के लेह में चल रहे खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2026 में शनिवार का दिन खुशियों और गम का मिला-जुला पैकेट लेकर आया। जहाँ एक तरफ मेजबान लद्दाख की बेटियों ने अपना पहला गोल्ड जीतकर पूरे स्टेडियम को जश्न में डुबो दिया, वहीं दूसरी तरफ आइस हॉकी के सेमीफाइनल में चंडीगढ़ ने लद्दाख को हराकर हजारों फैंस का दिल तोड़ दिया।

Khelo India Winter Games 2026: चंडीगढ़ का करिश्मा और आर्मी का दबदबा

एनडीएस (NDS) स्टेडियम में शनिवार को जब पुरुषों का सेमीफाइनल शुरू हुआ, तो पैर रखने तक की जगह नहीं थी। सबसे बड़ा रोमांच तब देखने को मिला जब कमतर आंकी जा रही चंडीगढ़ की टीम ने मजबूत लद्दाख को 3-2 से हराकर फाइनल का टिकट कटा लिया। चंडीगढ़ एक समय पिछड़ रहा था, लेकिन गुरतेज सिंह भट्टी के दो शानदार गोल और उन्नतवीर सिंह की फुर्ती ने मैच का पासा पलट दिया। अब सोमवार को फाइनल में चंडीगढ़ की भिड़ंत आर्मी से होगी।

दूसरे सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन आर्मी ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी आईटीबीपी (ITBP) को 2-0 से मात दी। आर्मी के लिए जिग्मत कुनज़ांग और पद्म नोरबू ने गोल दागे। पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों के बीच जबरदस्त ‘बॉडी प्ले’ देखने को मिला, लेकिन अंत में आर्मी का अनुभव भारी पड़ा।

Khelo India Winter Games 2026: लद्दाख की बेटियों ने खोला गोल्ड का खाता

काफी इंतजार के बाद आखिरकार मेजबान लद्दाख की झोली में पहला गोल्ड मेडल आ ही गया। महिलाओं की 2000 मीटर शॉर्ट ट्रैक रिले रेस में लद्दाख की चौकड़ी—स्कर्मा सुल्टिम, शबाना ज़ारा, तस्निया शमीम और इंशा फातिमा—ने गजब की रफ़्तार दिखाई। रेस के दौरान खिलाड़ी फिसले भी और गिरे भी, लेकिन लद्दाख की लड़कियों ने जबरदस्त वापसी करते हुए कर्नाटक और महाराष्ट्र को पीछे छोड़ दिया। इस जीत के साथ लद्दाख अब मेडल टैली में दूसरे नंबर पर आ गया है।

Khelo India Winter Games 2026: हरियाणा के सचिन का ‘डबल धमाका’

मैदान चाहे मिट्टी का हो या बर्फ का, हरियाणा के खिलाड़ियों का जलवा कम नहीं होता। 26 साल के सचिन सिंह इस चैंपियनशिप में दो गोल्ड जीतने वाले पहले स्केटर बन गए हैं। उन्होंने पहले 500 मीटर शॉर्ट ट्रैक स्प्रिंट जीता और फिर रिले रेस में भी हरियाणा को गोल्ड दिलाया। सचिन ने अपनी जीत का श्रेय अपने कोच और मैनेजर्स को दिया। हरियाणा फिलहाल 4 गोल्ड के साथ मेडल तालिका में सबसे ऊपर बना हुआ है।

नयना श्री गोल्ड मेडल की ‘मशीन’

तेलंगाना की 17 वर्षीय नयना श्री तल्लूरी के लिए खेलो इंडिया विंटर गेम्स मानो उनका अपना घर है। नयना ने लगातार चौथे साल 500 मीटर शॉर्ट ट्रैक में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। खास बात यह है कि नयना अपनी ट्रेनिंग कनाडा में कर रही हैं और सिर्फ इन खेलों के लिए खास तौर पर लेह आई थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here