‘जंतर-मंतर सीजन-2’ की तैयारी में कॉकरोच जनता पार्टी, अभिजीत दीपके ने बीजेपी पर लगाया एक और नया आरोप

अभिजीत दीपके ने छात्र आंदोलन की तर्ज पर एक बार फिर बड़ा प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है, जिसे उन्होंने जंतर-मंतर सीजन-2 का नाम दिया है.

0
141

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने छात्र आंदोलन की तर्ज पर एक बार फिर बड़ा प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है, जिसे उन्होंने जंतर-मंतर सीजन-2 का नाम दिया है. दीपके के मुताबिक, सोशल मीडिया पर लोग लगातार उनसे यह सवाल पूछ रहे थे कि अगला आंदोलन कब शुरू होगा. इसी जनसमर्थन को देखते हुए उन्होंने बहुत जल्द नए चरण के आगाज का भरोसा दिया है.

वॉलंटियर्स मीट के आयोजन में बाधा का आरोप

इस बीच दिल्ली में आयोजित होने वाली सीजेपी की वॉलंटियर्स बैठक को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिक दबाव के कारण उन्हें कार्यक्रम के लिए कोई हॉल किराए पर नहीं मिलने दिया जा रहा. उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों से कार्यकर्ता इस बैठक के लिए दिल्ली पहुंचे थे, लेकिन उन्हें कार्यक्रम आयोजित करने से रोका जा रहा है. दीपके का दावा है कि काफी मशक्कत के बाद एक हॉल की बुकिंग हुई थी और उसकी रसीद भी उनके पास उपलब्ध है. हालांकि, बुधवार सुबह हॉल मालिकों को डराया-धमकाया गया और कार्यक्रम न कराने की चेतावनी दी गई. दीपके ने कहा कि सरकार युवाओं की एकजुटता से घबरा चुकी है और इस तरह के कदमों से उनका आंदोलन रुकने वाला नहीं है.

37 दिनों के धरने के बाद नए अभियान की रूपरेखा

बता दें नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर सीजेपी ने जंतर-मंतर पर 37 दिनों तक धरना दिया था. यह प्रदर्शन 25 जुलाई को धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और अन्य मुद्दों पर ध्यान आकर्षित करने के बाद खत्म हुआ था. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने आगे की रणनीति साझा करते हुए बताया कि सीजेपी जल्द ही देशव्यापी लिसनिंग टूर शुरू करेगी. इसका मकसद आम लोगों की समस्याओं को सुनना है. इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस से शिक्षा के मुद्दे को केंद्र में रखकर एक नया अभियान चलाया जाएगा.

कैसे हुई सीजेपी की नींव मजबूत?

पार्टी के गठन का घटनाक्रम 15 मई को चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने एक मामले की सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं को लेकर विवादित बयान दिया था. इसके विरोध में 16 मई की देर रात अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, वेबसाइट और गूगल फॉर्म के जरिए कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत की. शुरुआती दिनों में तेजी से फॉलोअर्स बढ़ने के बाद 21 मई को पार्टी का मूल अकाउंट बंद कर दिया गया, जिसके बाद तुरंत नया हैंडल तैयार किया गया. इसके बाद 24 मई को शुरू की गई एक ऑनलाइन पिटीशन के माध्यम से 10 लाख से अधिक लोगों ने जुड़कर अपना विरोध दर्ज कराया था.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here