मुंबई के गोरेगांव वेस्ट के बांगुर नगर इलाके में गुरुवार सुबह एक डेकोरेशन मटेरियल यूनिट में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना सुबह करीब 9:25 बजे मोतीलाल नगर नंबर 2 स्थित निधि डेकोरेटर में हुई, जो डी-मार्ट के सामने स्थित है। आग मुंबई मेट्रो लाइन के नजदीक होने के कारण आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार इसे लेवल-1 आग घोषित किया गया, यानी यह एक मामूली लेकिन संवेदनशील घटना थी। राहत की बात यह रही कि आग केवल डेकोरेशन सामग्री तक ही सीमित रही और समय रहते दमकल कर्मियों ने इसे आसपास की दुकानों और संरचनाओं तक फैलने से रोक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, एम्बुलेंस और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। तेज कार्रवाई के चलते आग पर जल्द काबू पा लिया गया। इस हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।




