दुनिया को अपनी हेकड़ी दिखाकर डराने का प्रयास करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों खुद डर के साये में जी रहे हैं। ट्रंप का ये डर अपनी कुर्सी जाने से जुड़ा है, जिसका कुबूलनामा उन्होंने ख़ुद किया है। दरअसल, वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद डोनाल्ड ट्रंप को अपने ख़िलाफ महाभियोग का ख़तरा सताने लगा है। ट्रंप ने 2026 के मिडटर्म चुनावों से पहले वॉशिंगटन में रिपब्लिकन सांसदों के साथ एक रिटीट कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान अमेरिकी प्रेसीडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर मिडटर्म चुनाव में हमारी हार होती है, तो उनका इम्पीचमेंट होना तय है, उनकी कुर्सी ख़तरे में पड़ सकती है। बता दें कि अमेरिका में मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति के 4 सालों के कार्यकाल के बीच यानी कि 2 साल के बाद कराए जाते हैं। इन चुनावों में हाउस ऑफ रिप्रेज़ेंटेटिव्स और सीनेट दोनों का चुनाव किया जाता है। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का कार्यकाल दो वर्ष का होता है। इसलिए इसमें सभी 435 सीटों पर इलेक्शन होता है। वहीं, अमेरिकी सीनेट में 100 सीटें होती हैं और सीनेट के सदस्यों का कार्यकाल 6 वर्ष का होता है। हर दो वर्ष में वन थर्ड यानी एक तिहाई सीनेट सदस्यों का कार्यकाल ख़त्म हो जाता है, जिसकी वजह से हर दो वर्ष में सीनेट के 33 से 34 सीटों पर चुनाव होते हैं। साल 2024 से अमेरिका की सत्ता पर काबिज़ डोनाल्ड ट्रंप के लिए ये चुनाव काफी महत्वपूर्ण है, जिसको लेकर उनके मन में डर बैठ गया है। यही वजह है कि अपने इम्पीचमेंट की आशंका जताकर उन्होंने सियासी बखेड़ा खड़ा कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, रिपब्लिकन सांसदों के साथ बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि आपको हर हाल में मिडटर्म इलेक्शन जीतना ही होगा और अगर ऐसा नहीं हुआ, तो डेमोक्रेट कोई न कोई वजह ढूंढकर उन्हें इम्पीच कर देंगे। यानी ये साफ है कि दुनिया को डैरिफ का डर दिखाकर डराने की कोशिश करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप खुद डर के साये में जी रहे हैं, उन्हें अपनी कुर्सी जाने का ख़तरा सता रहा है।
अमेरिकी लोकतंत्र को कमज़ोर कर रहे ट्रंप- डेमोक्रेट्स
हालांकि रिपब्लिकन पार्टी अगर नवंबर में होने वाले मिडटर्म इलेक्शन हार भी जाती है, तो डोनाल्ड ट्रंप को फौरन नहीं हटाया जा सकता, लेकिन इतना तय है कि सत्ता पर रिपब्लिकन पार्टी की पकड़ ढीली ज़रूर पड़ जाएगी। इसी के साथ कांग्रेस में डेमोक्रेट्स का दख़ल बढ़ जाएगा। ऐसे में अगर डेमोक्रेट्स चाहेंगे तो डोनाल्ड ट्रंप के ख़िलाफ इम्पीचमेंट की प्रक्रिया शुरू हो सकती है, क्योंकि ऐसा करने का अधिकार उनके पास होगा। ट्रंप को यही डर है, जिसका ज़िक्र उन्होंने रिपब्लिकन सांसदों के सामने किया है। बता दें कि वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को जिस तरह से गिरफ्तार कर अमेरिका ले जाया गया, उससे ट्रंप अब अपने घर में ही घिरते नज़र आ रहे हैं। डेमोक्रेट्स लगातार ट्रंप के खि़लाफ एक्शन की मांग कर रहे हैं। डेमोक्रेट्स सांसदों और नेताओं की तरफ से ट्रंप के खिलाफ महाभियोग लाये जाने की मांग की जा रही है। डेमोक्रेट सांसदों की ओर से कहा जा रहा है कि ट्रंप ने मादुरो के ख़िलाफ जो तरीका अपनाया है, वो कदम न सिर्फ अमेरिकी संविधान का उल्लंघन करता है, बल्कि अमेरिका के लोकतंत्र को भी कमज़ोर करता है।




