IND vs NED: “अभिषेक की फॉर्म की चिंता छोड़ो, वो तबाही मचाने वाला है” पीयूष चावला ने बताया—क्यों सूर्या और अभिषेक को रोकना नामुमकिन हैभारतीय टीम आज अहमदाबाद के मैदान पर नीदरलैंड्स के खिलाफ अपने ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला खेलने उतरेगी। टीम इंडिया अब तक अजेय रही है और आज की जीत उसे टेबल के टॉप पर मजबूती से बनाए रखेगी। मैच से पहले जियोस्टार के एक्सपर्ट और दिग्गज स्पिनर पीयूष चावला ने ‘गेम प्लान’ शो में अभिषेक शर्मा, सूर्या और अहमदाबाद की पिच को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
अभिषेक शर्मा: लंबी ग्रिप और छोटे मार्जिन का खेल
अभिषेक शर्मा की शुरुआती नाकामियों पर चावला ने कहा, “डरने की कोई बात नहीं है। पिछले 18 महीनों में हमने देखा है कि वो क्या कर सकते हैं। वे ‘हाई-रिस्क, हाई-रिपोर्ट’ वाले खिलाड़ी हैं। उनके खिलाफ गेंदबाजों के लिए गलती की गुंजाइश बहुत कम है।” अभिषेक बल्ले को थोड़ा ऊपर से पकड़ते हैं, जिससे उनकी ‘रीच’ (पहुँच) बढ़ जाती है। चावला के मुताबिक, अच्छी गेंदों को भी वे अपनी लंबी पहुँच के कारण बाउंड्री के बाहर पहुँचा देते हैं, जिससे गेंदबाज हैरान रह जाते हैं।
सूर्या का ‘नया अवतार’ और स्वीप का जादू
कप्तान सूर्यकुमार यादव की बदली हुई अप्रोच पर चावला ने बड़ी बात कही। उन्होंने बताया कि सूर्या अब शुरुआत में समय ले रहे हैं क्योंकि वे जानते हैं कि वे किसी भी वक्त स्ट्राइक रेट को 180 तक ले जा सकते हैं। चावला ने कहा, “मैंने शायद ही किसी बल्लेबाज को स्पिनर के खिलाफ फाइन लेग के ऊपर से स्वीप मारते देखा हो। सूर्या अपने बॉटम हैंड से वो ताकत पैदा करते हैं। वे अपना पैर इतना आगे ले आते हैं कि ऑफ स्टंप की गेंद को भी स्क्वायर लेग के ऊपर से खेल देते हैं।”
प्लेइंग-11 और बुमराह-अर्शदीप पर अपडेट
अहमदाबाद की पिच के मिजाज को देखते हुए चावला ने संभावित प्लेइंग-11 पर अपनी राय दी। उन्होंने संकेत दिया कि भारत ‘Horses for Courses’ (पिच के हिसाब से खिलाड़ी) की नीति अपना रहा है। अर्शदीप सिंह की टीम में वापसी हो सकती है, जबकि स्पिनर कुलदीप यादव को बाहर बैठना पड़ सकता है। चावला का मानना है कि भारत को इस मैच में ज़्यादा प्रयोग करने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि टीम पूरी तरह सेट है।
अहमदाबाद की ‘लाल मिट्टी’ और 4-8 मीटर का मंत्र
पेसर्स के लिए अहमदाबाद की पिच पर सफलता की चाबी बताते हुए चावला ने कहा कि यहाँ लाल मिट्टी के कारण उछाल (Bounce) अच्छा मिलता है। पेसर्स के लिए 4 से 8 मीटर की लेंथ सबसे कारगर होगी। अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाज, जो गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा सकते हैं, उनके लिए 4-मीटर वाली लेंथ यहाँ विकेटों का ढेर लगा सकती है।




