मुलाकात हुई, बात हुई… पर फैसला नहीं हो सका, सीट शेयरिंग पर अब भी फंसा पेंच

0
74

रिपोर्ट: सौमित मोहन

दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर चल रही बातचीत अभी किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। सोमवार को दिल्ली में दोनों दलों के नेताओं के बीच हुई बैठक बेनतीजा रही। हालांकि, बैठक के बाद बाहर आए नेताओं के चेहरों पर न तो नाराजगी दिखाई दी और न ही किसी तरह की शिकन। अनुमान लगाया जा रहा था कि सीट बंटवारे को लेकर बातचीत लंबी चलेगी, लेकिन यह बैठक महज 20 मिनट तक चली। इस दौरान सीटों के बंटवारे और गठबंधन के स्वरूप पर चर्चा तो हुई, लेकिन कोई ठोस फैसला नहीं हो सका।

बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए रामगोपाल यादव

इस बैठक में समाजवादी पार्टी की ओर से चार नेता रामगोपाल यादव, इकरा चौधरी, राजीव राय और श्याम लाल पाल शामिल हुए। वहीं, कांग्रेस की तरफ से केसी वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी वाड्रा, इमरान मसूद और राजेंद्र पाल गौतम ने बातचीत की कमान संभाली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई इस बैठक के बाद दोनों दलों के नेताओं ने बातचीत को सौहार्दपूर्ण बताया। साथ ही संकेत दिए कि जल्द ही सीट बंटवारे का फॉर्मूला तैयार कर लिया जाएगा और अगले दो से तीन दिनों में इसकी घोषणा हो सकती है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि दोनों दलों के बीच अच्छे माहौल में बातचीत हुई है। बैठक में सीटों के बंटवारे और गठबंधन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विचार सुने हैं और जल्द ही गठबंधन को अंतिम रूप दिया जाएगा।

रामगोपाल यादव ने कहा, “ये बैठक बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। हमने एक-दूसरे के विचार सुने और हम जल्द ही इस गठबंधन को अंतिम रूप देकर आपको इसकी जानकारी देंगे। हम अगले दो-तीन दिनों में यह प्रक्रिया पूरी कर लेंगे। अगली बैठक कल होगी।”

बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम

वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर भरोसा करती हैं और मिलकर काम करने को लेकर सहमत हैं। उन्होंने कहा, “दोनों पार्टियां सहमत हैं; वे एक-दूसरे पर भरोसा करती हैं और मिलकर काम करेंगी। मामला लगभग तय हो चुका है और सम्मानजनक तरीके से समझौता हो जाएगा। ये बहुत जल्द होगा। हम आपको बता देंगे—जब सभी विवरण आपसी सहमति से तय हो जाएंगे, तब हम आपको सूचित कर देंगे।”

यूपी चुनावों के लिए कांग्रेस के साथ सीट-बंटवारे की बातचीत पर समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा, “हम अपने-अपने राष्ट्रीय नेताओं से बात करेंगे, जिसके बाद कल एक और बैठक होगी। अभी तक (सीटों की) कोई सूची सामने नहीं आई है।”

181 से 54 सीटों तक की चर्चा, कांग्रेस का नया फॉर्मूला

सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों के बीच सबसे बड़ा सवाल सीटों की संख्या और क्षेत्रीय दावेदारी का है। कांग्रेस पहले 181 सीटों की मांग कर रही थी, लेकिन अब प्रियंका गांधी की सहमति से 60-50-70 का तीन चरणों वाला फॉर्मूला तैयार किए जाने की चर्चा है। दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 54 सीटें देने की पेशकश की चर्चा भी सामने आई है। ऐसे में कांग्रेस अपनी मांग और सपा के प्रस्ताव के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस के प्रस्तावित तीन चरणों वाले फॉर्मूले में सीटों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है।

पहला चरण (60 सीटें): इसमें पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक की वे 60 सीटें शामिल हैं, जिन्हें कांग्रेस हर हाल में अपने खाते में रखना चाहती है।

दूसरा चरण (50 सीटें): इस श्रेणी में उन सीटों पर चर्चा होगी, जहां पिछले चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन अपेक्षाकृत मजबूत रहा है। इनमें खास तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडलों की सीटें शामिल हैं।

तीसरा चरण (70 सीटें): इसमें संगठन की मजबूती और रायबरेली, अमेठी तथा प्रयागराज जैसे पारंपरिक संसदीय क्षेत्रों से जुड़ी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस अपना दावा पेश करेगी।

हालांकि, ये फॉर्मूला और सीटों की संख्या अभी बातचीत का हिस्सा हैं। दोनों दलों की ओर से सीटों के अंतिम बंटवारे को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

जीत की संभावना को बनाया जाएगा सीट बंटवारे का आधार

बैठक के बाद जब कांग्रेस की ओर से 50 या 100 सीटों की मांग को लेकर सवाल किया गया, तो उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने किसी निश्चित संख्या की पुष्टि करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन का मुख्य उद्देश्य बीजेपी को हराना और 2027 में सरकार बनाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सीटों का बंटवारा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों की जीतने की संभावना को प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह जानकारी नहीं दी कि बातचीत के पहले दौर में किन महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों पर चर्चा हुई।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव

राहुल-अखिलेश की मुलाकात के बाद गठबंधन की अटकलें तेज

पिछले कुछ महीनों से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। रायबरेली से लोकसभा सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मुलाकात सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के दौरान हुई थी। इसके बाद से दोनों दलों के बीच गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के दौरान मुलाक़ात

अखिलेश यादव सार्वजनिक मंचों से कई बार कह चुके हैं कि दोनों पार्टियों के बीच सीटों का बंटवारा उम्मीदवार की जीतने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाएगा। दूसरी तरफ, कांग्रेस ने सीटों की संख्या को लेकर अब तक कोई स्पष्ट आधिकारिक मांग सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि, राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी के तौर पर गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है।

बीजेपी ने भी तेज की चुनावी तैयारी

सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर बातचीत के बीच बीजेपी ने भी उत्तर प्रदेश में अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा में दो दिनों तक चली चिंतन बैठक के बाद सोमवार को पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। उन्होंने पार्टी नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर तैयारियां तेज करने और हर बूथ पर आक्रामक तरीके से काम करने के निर्देश दिए।

ऐसे में एक तरफ सपा और कांग्रेस गठबंधन के सीटों के गणित को सुलझाने में जुटी हैं, तो दूसरी तरफ बीजेपी संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी कर रही है। सपा-कांग्रेस के बीच मंगलवार और बुधवार को भी बैठकें होनी हैं। दोनों दलों के नेता जल्द सहमति बनाने का दावा कर रहे हैं, लेकिन सीटों की संख्या और क्षेत्रीय दावेदारी पर अंतिम फैसला कब होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

फिलहाल यूपी की सियासत में सबसे बड़ा सवाल यही है कि गठबंधन की बातचीत में कांग्रेस की मांग और समाजवादी पार्टी के प्रस्ताव के बीच सहमति का रास्ता कैसे निकलेगा। मुलाकातों और बैठकों का दौर जारी है, लेकिन सीट शेयरिंग की असली तस्वीर सामने आने का इंतजार अभी बाकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here